Noida Court: न्यायमूर्ति अजित कुमार ने उपभोक्ता फोरम के नए गेट का किया लोकार्पण

Noida Court: न्यायमूर्ति अजित कुमार ने उपभोक्ता फोरम के नए गेट का किया लोकार्पण
नोएडा में उपभोक्ता फोरम आने वाले अधिवक्ताओं और वादकारियों के लिए बड़ी सुविधा शुरू हो गई है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अजित कुमार ने शनिवार को उपभोक्ता फोरम परिसर में बनाए गए नए प्रवेश द्वार और गार्ड रूम का लोकार्पण किया। इस नए गेट के खुलने से अब अधिवक्ताओं और वादकारियों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी और उन्हें पहले की तरह लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा।
बताया जा रहा है कि उपभोक्ता फोरम के लिए अलग प्रवेश द्वार बनाने की मांग अधिवक्ताओं द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी ने बताया कि पहले अधिवक्ताओं और वादकारियों को न्यायालय परिसर से बाहर निकलकर काफी दूरी तय करते हुए उपभोक्ता फोरम तक पहुंचना पड़ता था, जिससे समय और ऊर्जा दोनों की बर्बादी होती थी। नए गेट के बनने से अब सीधे और आसान तरीके से उपभोक्ता फोरम तक पहुंचा जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि न्यायमूर्ति अजित कुमार और जिला जज अतुल श्रीवास्तव के प्रयासों से उच्च न्यायालय से रिकॉर्ड समय में इस नए गेट को खोलने की अनुमति प्राप्त हुई। प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद गेट का निर्माण कराया गया और अब इसे औपचारिक रूप से आम उपयोग के लिए खोल दिया गया है।
नए प्रवेश द्वार के शुरू होने से हर दिन बड़ी संख्या में आने वाले अधिवक्ताओं, वादकारियों और आम लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। इससे न्यायिक कार्यों के संचालन में भी तेजी आएगी और लोगों का समय बचेगा। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि यह व्यवस्था न्यायिक प्रणाली को और अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान बार एसोसिएशन के कई पदाधिकारी और अधिवक्ता मौजूद रहे। इस मौके पर सचिव शोभाराम चंदीला, छत्तरपाल सिंह, सिंहराज चौधरी, अमित कुमार, श्याम सिंह चौधरी, सरदार सिंह, सुनील नागर, हरेंद्र तौंगड़, जगदीश भाटी, भूपेंद्र मंगल, आदित्य भाटी, राजीव भाटी और अनिल मावी सहित अन्य अधिवक्ताओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और इस पहल का स्वागत किया।




