उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Authority Meeting: डीडीआरडब्ल्यूए फेडरेशन ने एसीईओ वंदना त्रिपाठी को सौंपा ज्ञापन, शहर की समस्याओं पर हुई चर्चा

Noida Authority Meeting: डीडीआरडब्ल्यूए फेडरेशन ने एसीईओ वंदना त्रिपाठी को सौंपा ज्ञापन, शहर की समस्याओं पर हुई चर्चा

नोएडा। नोएडा शहर की विभिन्न नागरिक समस्याओं को लेकर गुरुवार को डीडीआरडब्ल्यूए फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) वंदना त्रिपाठी से मुलाकात कर विस्तृत बैठक की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शहर से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए एसीईओ को एक ज्ञापन भी सौंपा।

बैठक के दौरान डीडीआरडब्ल्यूए फेडरेशन के पदाधिकारियों ने शहर में सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए रोड इंजीनियरिंग पर सही तरीके से काम कराने की मांग रखी। इसके अलावा बड़े नालों को कवर करने और उनके ऊपर वेंडिंग जोन विकसित करने का सुझाव भी दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने नोएडा प्राधिकरण द्वारा आवंटित बारात घरों में फायर फाइटिंग सिस्टम की समुचित व्यवस्था कराने और उनकी रसोई में ग्रीज ट्रैप लगाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

बैठक में शहर में बढ़ रही सीवर ओवरफ्लो की समस्या, जलभराव, आग या अन्य आपदा की स्थिति में निवासियों की सुरक्षा के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था, पब्लिक ट्रांसपोर्ट बसों के संचालन और नागरिक चार्टर सेवाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने सेक्टरों में हो रही अवैध कमर्शियल गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, सेक्टरों की ग्रीन बेल्ट को बिल्डरों को बेचने पर रोक लगाने, शहर की टूटी हुई सड़कों की जल्द मरम्मत कराने और आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए डॉग पॉलिसी को लागू करने की भी मांग की।

सभी मुद्दों को सुनने के बाद एसीईओ वंदना त्रिपाठी ने प्रतिनिधिमंडल के साथ विस्तार से चर्चा की और भरोसा दिलाया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए नोएडा प्राधिकरण प्राथमिकता के आधार पर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि बारात घरों में फायर फाइटिंग सिस्टम और ग्रीज ट्रैप लगाना बेहद जरूरी है और इस संबंध में जल्द ही बैठक कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि सभी बारात घरों में यह व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।

सीवर ओवरफ्लो की समस्या पर एसीईओ ने कहा कि यह वर्तमान में नोएडा की प्रमुख समस्याओं में से एक है और इसे दूर करने के लिए प्राधिकरण द्वारा योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। वहीं पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बेहतर बनाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही जिले में लगभग 300 बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सिटिजन चार्टर की सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्राधिकरण और तेजी से काम करेगा।

इस बैठक में डीडीआरडब्ल्यूए फेडरेशन के अध्यक्ष एनपी सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार, उपाध्यक्ष अनिल खन्ना, अनिल सिंह, प्रमोद वर्मा, महिपाल सिंह, विजय रतूड़ी, अरविंद शर्मा और योगीराज सिंह सहित कई अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

मलाइका अरोड़ा ने अर्जुन कपूर के साथ ब्रेकअप की खबरों के बीच अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की, कहा ‘हममें से हर किसी के पास सिर्फ़…’

Related Articles

Back to top button