New Year Celebration Delhi: खुशी भी, सतर्कता भी 1 जनवरी 2026 की सुबह दिल्ली ने यूं खोली आंखें

New Year Celebration Delhi: खुशी भी, सतर्कता भी 1 जनवरी 2026 की सुबह दिल्ली ने यूं खोली आंखें
रिपोर्ट: रवि डालमिया
31 दिसंबर 2025 की रात जैसे जैसे आगे बढ़ती गई, दिल्ली में नए साल के स्वागत का उत्साह अपने चरम पर पहुंचता चला गया। 1 जनवरी 2026 की पहली सुबह राजधानी ने उल्लास, संगीत और सतर्कता के संग आंखें खोलीं। सड़कों, मॉल्स और सार्वजनिक स्थलों पर जश्न का माहौल देखने को मिला, जहां लोगों ने परिवार और दोस्तों के साथ नए साल का स्वागत किया। इस बार खास बात यह रही कि क्लबिंग के साथ साथ लाइव कॉन्सर्ट्स और फैमिली आउटिंग्स की ओर लोगों का रुझान ज्यादा नजर आया। शहर के प्रमुख मॉल्स में लाइव म्यूजिक, लाइटिंग और लोगों की मौजूदगी ने माहौल को खास बना दिया।
लक्ष्मी नगर निवासी मोहम्मद रिजवान ने बताया कि नए साल के जश्न के लिए क्लब एक विकल्प जरूर है, लेकिन उन्हें लाइव म्यूजिक ज्यादा पसंद है। उनके अनुसार कलाकारों को खुले मंच पर अपने हुनर के साथ परफॉर्म करते देखना एक अलग अनुभव देता है और इसी वजह से उन्होंने दिल्ली के क्रॉसओवर मॉल में लाइव कॉन्सर्ट के साथ नए साल की शुरुआत की।
वहीं रोहिणी के अवंतिका सेक्टर 1 के रहने वाले मोहम्मद सोहेल अपने परिवार के साथ यमुना पार स्थित क्रॉसओवर मॉल पहुंचे। उन्होंने बताया कि रूबी जंक्शन का रियल वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था, जिसे देखकर उन्होंने वहीं नया साल मनाने का फैसला किया। लाइव म्यूजिक और पारिवारिक माहौल ने जश्न को और खास बना दिया और उनके लिए परिवार के साथ नए साल की शुरुआत यादगार बन गई। राजस्थान से आए संदीप के लिए यह अनुभव और भी खास रहा, क्योंकि उन्होंने पहली बार दिल्ली में नया साल मनाया। उन्होंने बताया कि शहर की सजावट, शॉपिंग मॉल्स, रेस्टोरेंट्स और लाइव कॉन्सर्ट्स ने उन्हें काफी प्रभावित किया। घूमना, शॉपिंग करना, अच्छा खाना और डांस सब कुछ शानदार रहा।
क्रॉसओवर मॉल में आयोजित लाइव कॉन्सर्ट में कलाकार आरव ने अपनी प्रस्तुति से लोगों का दिल जीत लिया। पिछले आठ वर्षों से लगातार लाइव कॉन्सर्ट कर रहे आरव ने कहा कि क्लब या पब में परफॉर्म करना अपेक्षाकृत आसान होता है, लेकिन खुले मंच पर आम लोगों के सामने अपनी कला पेश करना एक अलग ही एहसास देता है। उन्होंने बताया कि नए साल के पहले दिन दर्शकों से मिला प्यार उनके लिए बेहद खास और यादगार बन गया। जश्न के बीच दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दी। राजधानी की प्रमुख सड़कों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की गई और दिल्ली पुलिस, ट्रैफिक पुलिस तथा आपातकालीन सेवाएं पूरी रात सक्रिय रहीं।
एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस ट्रैफिक मोनिका भारद्वाज ने बताया कि नववर्ष की रात ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि सख्त लेकिन सुव्यवस्थित इंतजामों की वजह से लोग सुरक्षित तरीके से जश्न मनाकर अपने घर पहुंचे। उत्साह, संगीत और सुरक्षा के संतुलन के साथ दिल्ली ने 2026 का गर्मजोशी से स्वागत किया।
‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई





