
New Delhi : दिल्ली में प्रवासी मजदूरों को अब रसोई गैस के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। सरकार ने उनके लिए 5 किलो के फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता बढ़ाने का फैसला लिया है, जिससे जरूरतमंद लोगों तक गैस आसानी से पहुंच सके।
भारत सरकार की मंजूरी के बाद इस श्रेणी के सिलेंडरों के आवंटन में 100 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। इसके तहत 7 अप्रैल 2026 से दिल्ली में इन सिलेंडरों की दैनिक उपलब्धता 684 से बढ़ाकर 1,368 कर दी गई है। इस निर्णय से राजधानी में प्रवासी मजदूरों को गैस सिलेंडर अधिक सुगमता और समान रूप से मिल सकेंगे।
इस सुविधा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जिला स्तर पर उन इलाकों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे, जहां प्रवासी मजदूरों की संख्या अधिक है। जिन लोगों को गैस सिलेंडर लेने में परेशानी हो रही है, वे अपने क्षेत्र में कैंप लगवाने के लिए संबंधित जिला कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
ये कैंप तेल विपणन कंपनियों और अधिकृत एलपीजी वितरकों के सहयोग से आयोजित किए जाएंगे, ताकि मजदूरों को मौके पर ही 5 किलो सिलेंडर मिल सके। सिलेंडर लेने के लिए लाभार्थियों को निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा और पहचान के लिए आधार कार्ड दिखाना जरूरी होगा।
पूरी व्यवस्था की निगरानी के लिए जिला प्रवर्तन टीमें भी सक्रिय रहेंगी, जो मांग का आकलन करने और वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी व प्रभावी बनाए रखने का काम करेंगी। यह पहल प्रवासी मजदूरों तक समय पर रसोई ईंधन पहुंचाने और गैस वितरण प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।





