राज्यदिल्लीराज्य

New Delhi : दिल्ली में एलपीजी आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, घबराने की जरूरत नहीं- रेखा गुप्ता

New Delhi : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि राजधानी में घरेलू और कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह स्थिर, पर्याप्त और नियंत्रण में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली में एलपीजी या किसी भी अन्य ईंधन की कोई कमी नहीं है और लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह या घबराहट में न आएं तथा संयम बनाए रखें।

मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 अप्रैल को 1,11,766 एलपीजी बुकिंग दर्ज की गईं, जबकि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा 1,30,094 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई, जो बुकिंग से अधिक है। इससे यह संकेत मिलता है कि लंबित बुकिंग तेजी से पूरी की जा रही हैं और आपूर्ति व्यवस्था मजबूत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि औसत डिलीवरी समय भी घटकर 3.87 दिन रह गया है, जो पहले 4.24 दिन था, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर डिलीवरी मिल रही है।

कमर्शियल एलपीजी के संबंध में उन्होंने बताया कि दिल्ली को प्रतिदिन 6,480 सिलेंडरों का आवंटन किया गया है, जबकि पिछले एक सप्ताह में औसत खपत 4,268 सिलेंडर प्रतिदिन रही है। इससे साफ है कि उपलब्धता मांग से अधिक है और किसी तरह की कमी की स्थिति नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कमर्शियल उपभोक्ताओं, खासकर 5 किलोग्राम सिलेंडर उपयोगकर्ताओं से अपील की कि वे अनावश्यक चिंता या भंडारण से बचें। उन्होंने बताया कि पूरे शहर में वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से काम कर रही है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उपभोक्ता खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के कंट्रोल रूम के नंबर 011-23379836 और 8383824659 पर संपर्क कर सकते हैं, जो सप्ताह के सभी दिनों में सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक उपलब्ध हैं।

सरकार ने उपभोक्ताओं को यह भी सलाह दी है कि जहां पाइप्ड नेचुरल गैस की सुविधा उपलब्ध है, वहां उसका उपयोग करें। अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसे बड़े उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द पीएनजी अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है ताकि आपूर्ति की विश्वसनीयता और सुरक्षा बढ़ाई जा सके।

इसके अलावा, उपभोक्ताओं को इलेक्ट्रिक या इंडक्शन कुकिंग जैसे विकल्पों पर भी विचार करने के लिए कहा गया है, जिससे भविष्य में ईंधन आपूर्ति को और अधिक सुगम बनाया जा सके। रेखा गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और राजधानी में एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button