
New Delhi : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को द्वारका विधानसभा क्षेत्र में लगभग 100 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान सड़क, सीवर, ड्रेनेज, बिजली और पार्कों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की शुरुआत की गई। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना है।
इस अवसर पर सांसद कमलजीत सहरावत, विधायक प्रद्युम्न राजपूत सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में दिल्ली सरकार ‘विकसित दिल्ली’ के विजन को जमीन पर उतारने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल बड़ी योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि हर कॉलोनी और हर नागरिक तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना है।
hu
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में पहली बार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए बड़े स्तर पर बजट उपलब्ध कराया गया है। द्वारका विधानसभा में करीब 100 करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू किए गए हैं, जबकि अन्य परियोजनाओं के लिए भी अलग से बजट जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि द्वारका क्षेत्र को 6200 करोड़ रुपये की नई मेट्रो परियोजना का लाभ मिलेगा। फेज-5 के तहत नए कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं। सरकार ने मेट्रो विस्तार कार्यों को गति देने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनधिकृत कॉलोनियों की समस्याओं के समाधान के लिए भी तेजी से काम किया जा रहा है। वर्षों से लंबित रजिस्ट्री और नियमितीकरण की समस्याओं का समाधान कर लोगों को उनके घरों पर वैध अधिकार दिलाने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान कई इलाकों में पानी, सीवर, सड़क और ड्रेनेज जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब हो गई थी। वर्तमान सरकार ने एक वर्ष के भीतर इन समस्याओं के समाधान के लिए युद्धस्तर पर काम किया है। जहां पानी की पाइपलाइन नहीं थी वहां पाइपलाइन बिछाई जा रही है, जहां सीवर लाइन नहीं थी वहां नया नेटवर्क तैयार किया जा रहा है और जिन क्षेत्रों में सड़क व नालियों की कमी थी वहां तेजी से निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं।
द्वारका विधानसभा क्षेत्र में जिन प्रमुख विकास कार्यों की शुरुआत की गई उनमें सड़कों की मरम्मत और नए सड़क निर्माण, चौपालों का नवीनीकरण, ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करना, पार्कों का सौंदर्यीकरण, नई सीवर पाइपलाइन बिछाना, ट्रांसफॉर्मर अपग्रेडेशन और पुराने बिजली केबलों का बदलाव शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद जलभराव, खराब सड़कें, सीवर ओवरफ्लो और बिजली आपूर्ति जैसी समस्याओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। इससे क्षेत्र के लोगों को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सुविधाओं वाला वातावरण उपलब्ध होगा।





