
New Delhi : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को राजधानी की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देते हुए दिलशाद गार्डन स्थित डाइट और मानसरोवर गार्डन स्थित सर्वोदय विद्यालय में नए शैक्षणिक ब्लॉकों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही सरकारी स्कूलों में डिजिटल लर्निंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 101 अत्याधुनिक आईसीटी लैब्स की शुरुआत भी की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इन भवनों के भीतर बच्चों को विश्वस्तरीय शिक्षा और आधुनिक तकनीक उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग ने अपने 355 दिनों के कार्यकाल में स्कूल भवनों के उद्घाटन, 101 से अधिक कंप्यूटर लैब्स की स्थापना और नई शैक्षणिक इमारतों के लोकार्पण के माध्यम से उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने लाडली फाउंडेशन और अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सरकार और समाज की साझेदारी से ही बड़े और स्थायी बदलाव संभव होते हैं। सीएसआर के माध्यम से 101 कंप्यूटर लैब्स, 2000 से अधिक कंप्यूटरों की उपलब्धता और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर ने दिल्ली के सरकारी स्कूलों को नई पहचान दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य दिल्ली को ऐसा राज्य बनाना है जहां सबसे अधिक स्मार्ट क्लासरूम, कंप्यूटर लैब, भाषा लैब, आधुनिक खेल मैदान और उच्च गुणवत्ता वाला शैक्षणिक इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध हो। उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षा के साथ-साथ खेल और पोषण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शिक्षा विभाग अपने एक वर्ष के कार्यकाल में 75 सीएम श्री स्कूलों का उद्घाटन करने की तैयारी में है, जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के उच्च मानकों का प्रतीक होंगे। इसके साथ ही ‘नींव’ पाठ्यक्रम के माध्यम से बच्चों में नैतिकता, नागरिक जिम्मेदारी और देशप्रेम के मूल्यों को सुदृढ़ किया जाएगा।
मानसरोवर गार्डन स्थित सर्वोदय विद्यालय में नवनिर्मित ग्राउंड प्लस तीन मंजिला भवन का उद्घाटन किया गया, जिसमें 29 कक्षाएं और विद्यार्थियों की संख्या व शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। वहीं दिलशाद गार्डन स्थित डिस्ट्रिक्ट इंस्टिट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड ट्रेनिंग परिसर में भी ग्राउंड प्लस तीन मंजिला नए भवन का उद्घाटन किया गया, जिसमें 19 कक्षाएं और शिक्षक प्रशिक्षण व शैक्षणिक नवाचारों के लिए आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
इसके अलावा अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन के सीएसआर सहयोग से लाडली फाउंडेशन के साथ मिलकर दिल्ली के 101 सरकारी विद्यालयों में 101 उन्नत आईसीटी कंप्यूटर लैब्स स्थापित की गई हैं। प्रत्येक लैब में 20 कंप्यूटर और इंटरएक्टिव फ्लैट पैनल डिस्प्ले की सुविधा दी गई है। साथ ही शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए डिजिटल स्किल प्रशिक्षण, कार्यशालाएं और संरचित लर्निंग सपोर्ट भी प्रदान किया जा रहा है, जिससे डिजिटल शिक्षा को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।




