उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Crime: बुजुर्ग महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर दिनदहाड़े लूट, 10 दिन से थाने के चक्कर काट रही पीड़िता

Noida Crime: बुजुर्ग महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर दिनदहाड़े लूट, 10 दिन से थाने के चक्कर काट रही पीड़िता

नोएडा। कोतवाली दादरी क्षेत्र में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के दस दिन बीत जाने के बावजूद आरोप है कि पुलिस ने अभी तक न तो मुकदमा दर्ज किया है और न ही किसी ठोस कार्रवाई की है। इससे पीड़िता और उसके परिजन बेहद परेशान हैं और न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, नगर के मिलन विहार कॉलोनी निवासी 70 वर्षीय मिथलेश देवी अपने परिवार के साथ रहती हैं। उन्होंने बताया कि 22 दिसंबर को वह दादरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से दवा लेकर दोपहर के समय घर लौट रही थीं। जब वह रेलवे रोड पर धनश्याम मोड़, अयोध्या गंज गेट के पास पहुंचीं, तभी दो अज्ञात व्यक्ति उनके पास आए। दोनों ने खुद को हरिद्वार से आया हुआ बताया और आंखों के अस्पताल का पता पूछने लगे।

पीड़िता के अनुसार, एक व्यक्ति ने सफेद कुर्ता-पायजामा और चेक रंग की जैकेट पहन रखी थी, जबकि दूसरे ने काला कोट पहना हुआ था। दोनों के माथे पर तिलक लगा हुआ था, जिससे महिला को उन पर शक नहीं हुआ। बातचीत के दौरान आरोप है कि दोनों ने किसी बहाने बुजुर्ग महिला को नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह अचानक बेसुध हो गईं।

इसी दौरान दोनों आरोपी महिला के कानों से सोने के कुंडल और 1500 रुपये नकद लूटकर मौके से फरार हो गए। होश में आने के बाद किसी तरह महिला घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता और उसके परिवार ने कोतवाली दादरी में घटना की शिकायत दी।

परिजनों का आरोप है कि घटना को दस दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है। पीड़िता लगातार थाने के चक्कर काट रही है, लेकिन उसे सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो आरोपी पकड़े जा सकते थे और इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगता।

इस संबंध में कोतवाली दादरी के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है और जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, पीड़िता और उसके परिजन जल्द से जल्द मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button