Viksit Bharat 2047: विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देगा ‘माय भारत यूथ कन्वेंशन’, 6 हजार से अधिक युवा होंगे शामिल

Viksit Bharat 2047: विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देगा ‘माय भारत यूथ कन्वेंशन’, 6 हजार से अधिक युवा होंगे शामिल

नई दिल्ली, 5 जून। युवा मामलों एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत द्वारा 6 जून को राजधानी दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में भव्य ‘यूथ फॉर विकसित भारत – माय भारत यूथ कन्वेंशन’ का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन का उद्देश्य देश के युवाओं को विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय विजन से जोड़ना और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में देशभर से 6,000 से अधिक युवा भाग लेंगे, जिनमें विद्यार्थी, युवा पेशेवर, महिला प्रतिभाएं, स्टार्टअप उद्यमी, कंटेंट क्रिएटर, नवप्रवर्तक और उभरते नेतृत्वकर्ता शामिल होंगे। दोपहर 12 बजे शुरू होने वाले इस सम्मेलन में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया तथा रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम के दौरान युवा शक्ति, नवाचार, उद्यमिता, खेल और नेतृत्व जैसे विषयों पर विशेष संवाद आयोजित किए जाएंगे, जिससे युवाओं को प्रेरणा और मार्गदर्शन प्राप्त होगा। सम्मेलन की खास बात यह होगी कि इसमें विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां युवाओं से सीधे संवाद करेंगी। प्रसिद्ध उद्यमी अमन गुप्ता, ओलंपिक पदक विजेता अमन सहरावत, कंटेंट क्रिएटर मल्हार कलाम्बे तथा आरजे रौनक अपने अनुभव साझा करेंगे और युवाओं को सफलता, नवाचार तथा सामाजिक परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान खेल, उद्यमिता, प्रशासन, सामाजिक नेतृत्व और डिजिटल कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवा प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। इससे युवाओं की उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलेगी और अन्य युवाओं को भी प्रेरणा प्राप्त होगी। सम्मेलन में हाल ही में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज’ के माध्यम से स्थापित गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का भी विशेष उत्सव मनाया जाएगा। इस ऑनलाइन क्विज में देशभर के 50 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लेकर अभूतपूर्व सहभागिता दर्ज कराई थी। आयोजकों का मानना है कि यह उपलब्धि भारत की युवा शक्ति, डिजिटल भागीदारी और राष्ट्र निर्माण के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रतीक है। ‘माय भारत यूथ कन्वेंशन’ को विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में युवाओं को संगठित करने और उन्हें देश के भविष्य के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाने की एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img