महिला उद्यमी ने भवन मालिक पर मारपीट का आरोप लगाया

अमर सैनी

नोएडा। महिला उद्यमी ने भवन मालिक और उसके जीजा समेत अन्य लोगों पर फैक्टरी में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि वह मौके पर पहुंचीं तो आरोपी भवन मलिक ने उनके साथ भी बदसूलकी की। विरोध करने पर मारपीट और छेड़छाड़ की गई। राज्य महिला आयोग की शिकायत पर पुलिस ने भवन मालिक, उसके जीजा समेत अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी महिला उद्यमी ने बताया कि उसने दो वर्ष पहले सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र में फैक्टरी चलाने के लिए दीपक से बिल्डिंग किराये पर ली। इसके लिए दो वर्ष का एग्रीमेंट किया। अब भवन मालिक किराये को लेकर रोजाना झगड़ा करता है। फैक्टरी खाली करने को लेकर दबाव बनाता है। करीब चार महीने पहले भवन मालिक दीपक अपने जीजा और 15-20 अन्य लोगों को लेकर जबरन फैक्टरी में घुस आया। सभी ने मिलकर फैक्टरी में काम करने वाले कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उन्हें बाहर निकाल दिया।

महिला का आरोप है कि कर्मचारियों की सूचना पर वह खुद फैक्टरी पर पहुंचीं तो आरोपी भवन मालिक ने उनके साथ भी अभद्रता की। विरोध करने पर मारपीट और छेड़छाड़ की। इसकी शिकायत पीड़िता ने पुलिस से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मजबूरन उनको राज्य महिला आयोग से शिकायत करनी पड़ी। महिला आयोग की शिकायत पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने भवन मालिक और उसके जीजा समेत अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट और छेड़छाड़ की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img