Mock Drill Delhi: शाहदरा में हाई अलर्ट, कृष्णा नगर मार्केट में मॉक ड्रिल से परखी गई सुरक्षा व्यवस्था

Mock Drill Delhi: शाहदरा में हाई अलर्ट, कृष्णा नगर मार्केट में मॉक ड्रिल से परखी गई सुरक्षा व्यवस्था
रिपोर्ट: रवि डालमिया
आगामी त्योहारों और 26 जनवरी गणतंत्र दिवस को लेकर शाहदरा जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस द्वारा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस, प्रशासन और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों और आपसी समन्वय को प्रभावी ढंग से परखा जा सके।
इसी क्रम में आज थाना कृष्णा नगर क्षेत्र के लाल क्वार्टर स्थित कृष्णा नगर मार्केट में उस समय हड़कंप मच गया, जब दिन में करीब 12 बजकर 15 मिनट पर रघुनाथ मंदिर रोड पर एक लावारिस बैग पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना कृष्णा नगर पुलिस हरकत में आ गई और तत्काल मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को सुरक्षित कर लिया गया। एहतियातन बाजार में मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया और क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांधी नगर डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त अरविंद सागर नेगी स्वयं मौके पर पहुंचे और मॉक ड्रिल की पूरी प्रक्रिया की निगरानी की। उनके साथ थाना कृष्णा नगर के एसएचओ मुकेश राणा, अतिरिक्त एसएचओ अर्जुन सिंह सहित थाना का पूरा पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत संदिग्ध बैग के आसपास किसी भी प्रकार की आवाजाही पर रोक लगा दी गई।
मॉक ड्रिल के दौरान फायर ब्रिगेड, बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ता मौके पर पहुंचे और आपसी तालमेल के साथ तय प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की। ट्रैफिक पुलिस ने भी बाजार क्षेत्र में भीड़ और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करते हुए अहम भूमिका निभाई, जिससे किसी तरह की अफरा-तफरी की स्थिति न बने।
फायर डिपार्टमेंट के स्टेशन ऑफिसर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें दोपहर 12 बजकर 18 मिनट पर सूचना मिली थी कि कृष्णा नगर लाल क्वार्टर मार्केट में एक लावारिस बैग मिला है। सूचना के बाद फायर विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच की गई। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि बैग में कोई भी विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री मौजूद नहीं थी।
कुछ समय बाद यह सामने आया कि यह पूरी कार्रवाई दिल्ली पुलिस द्वारा पूर्व नियोजित मॉक ड्रिल का हिस्सा थी। इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य गणतंत्र दिवस से पहले किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखना, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत करना और प्रतिक्रिया समय को जांचना था। साथ ही आम जनता को भी सतर्क करना था कि किसी भी संदिग्ध वस्तु को नजरअंदाज न करें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की मॉक ड्रिल से न केवल सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों को मजबूती मिलती है, बल्कि आम नागरिकों में भी सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ती है। शाहदरा जिले में आगे भी इसी तरह की मॉक ड्रिल जारी रहेंगी ताकि त्योहारों और राष्ट्रीय कार्यक्रमों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई




