Kanwar Yatra: कांवड़ियों से पटी नोएडा की सड़कें, हर तरफ गूंज रहा ‘हर-हर महादेव’, 11 अगस्त को जलाभिषेक

Kanwar Yatra: कांवड़ियों से पटी नोएडा की सड़कें, हर तरफ गूंज रहा ‘हर-हर महादेव’, 11 अगस्त को जलाभिषेक

नोएडा। कांवड़ यात्रा के चलते नोएडा की सड़कों पर इन दिनों भोलेनाथ की भक्ति का अलग ही रंग नजर आ रहा है। शनिवार दोपहर प्रमुख कांवड़ मार्गों पर दूर-दूर तक कांवड़िए दिखाई दिए। कोई कंधे पर कलश कांवड़ लेकर पैदल आगे बढ़ रहा है तो कोई खड़ी कांवड़ के साथ भगवान शिव का नाम जपते हुए अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहा है। कांवड़ मार्गों पर लगातार ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंज रहे हैं।

11 अगस्त को होने वाले जलाभिषेक का दिन नजदीक आने के साथ ही नोएडा से गुजरने वाले कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। कई कांवड़िए मन्नत पूरी होने के बाद बाबा भोलेनाथ को गंगाजल चढ़ाने के लिए यह कठिन यात्रा कर रहे हैं, जबकि कई श्रद्धालु अपनी मनोकामना लेकर पैदल यात्रा पर निकले हैं।

लंबी दूरी तय करने के बावजूद कांवड़ियों के कदम रुक नहीं रहे हैं। रास्ते में बने शिविरों में कुछ देर आराम करने, भोजन और पानी लेने के बाद श्रद्धालु फिर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। कई कांवड़िए पूरे रास्ते भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आ रहे हैं।

शिविरों में भोजन और विश्राम की व्यवस्था

नोएडा में शनि सिद्ध पीठ समिति की ओर से लगाए गए शिविर में भी बड़ी संख्या में कांवड़िए पहुंच रहे हैं। यहां श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पानी और विश्राम समेत विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। हजारों श्रद्धालु शिविर में कुछ समय रुककर आराम करने के बाद फिर अपनी यात्रा पर निकल रहे हैं।

इसके चलते नोएडा से गुजरने वाले कांवड़ मार्गों पर अलग-अलग तरह की कांवड़ और शिवभक्तों का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। हर श्रद्धालु के साथ आस्था, संकल्प और मन्नत की अपनी कहानी है।

सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन अलर्ट

कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट है। प्रमुख कांवड़ मार्गों पर जगह-जगह शिविर लगाए गए हैं और पुलिस बल की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारु तरीके से जारी रहे।

अब श्रद्धालुओं की नजर 11 अगस्त पर है। इसी दिन शिवालयों में कांवड़िए गंगाजल चढ़ाकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। जलाभिषेक का दिन करीब आने के साथ नोएडा की सड़कों पर कांवड़ियों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img