GST scam 15000 Crore: MBA पास ने खड़ी की फर्जी GST फर्मों की जालसाजी, 15 हजार करोड़ के घोटाले का इनामी मास्टरमाइंड गिरफ्तार

GST scam 15000 Crore: MBA पास ने खड़ी की फर्जी GST फर्मों की जालसाजी, 15 हजार करोड़ के घोटाले का इनामी मास्टरमाइंड गिरफ्तार
नोएडा। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) नोएडा ने 15 हजार करोड़ रुपये के बहुचर्चित जीएसटी घोटाले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को शनिवार को हरियाणा के हिसार से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान बलदेव उर्फ बल्ली (38) निवासी डोगरान मोहल्ला, रविदास चौक, हिसार के रूप में हुई है।
एसटीएफ नोएडा के अपर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी पर Gautam Buddh Nagar Police Commissionerate की ओर से 50,000 रुपये का इनाम घोषित था। वह थाना सेक्टर-20 में वर्ष 2023 में दर्ज एक मुकदमे समेत अन्य तीन मामलों में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
जांच में सामने आया कि बलदेव ने वर्ष 2012 में Panjab University से एमबीए की पढ़ाई की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उसने हिसार में मेडिकल स्टोर खोला, लेकिन व्यवसाय में अपेक्षित लाभ न मिलने पर उसे बंद करना पड़ा। वर्ष 2014 में वह पुरानी गाड़ियों की खरीद-फरोख्त के काम में जुट गया।
इसी दौरान उसकी मुलाकात दिल्ली निवासी अर्चित गोयल से हुई, जो एक पुरानी कार खरीदने आया था। पहचान बढ़ने के बाद दोनों के बीच संपर्क गहरा हुआ और पैसों के लालच में आकर बलदेव कथित तौर पर फर्जी जीएसटी फर्मों के नेटवर्क से जुड़ गया। आरोप है कि इस गिरोह ने शेल कंपनियों और फर्जी बिलिंग के जरिए हजारों करोड़ रुपये का फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट क्लेम किया, जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा।
एसटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर हिसार में मौजूद है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम हरियाणा रवाना हुई और स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए थाना सेक्टर-20 लाया गया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों, फर्जी फर्मों के नेटवर्क, बैंक खातों, जीएसटी रजिस्ट्रेशन और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस नेटवर्क में कई राज्यों के लोग शामिल हो सकते हैं।
एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि आर्थिक अपराधों के जरिए सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें सक्रिय हैं।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





