उत्तर प्रदेश : मथुरा में जुल्हेंदी पर पुलिस का चाबुक, अवैध कमाई से खड़ी साढ़े तीन करोड़ की संपत्ति कुर्क

Mathura News : उत्तर प्रदेश सरकार की अपराधियों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत गोवर्धन पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना गोवर्धन क्षेत्र के गांव जुल्हेंदी में चार शातिर अभियुक्तों द्वारा आपराधिक गतिविधियों से अर्जित लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति कुर्क कर ली। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार जुल्हेंदी निवासी रमाकांत दीक्षित, रामवीर दीक्षित, देवेंद्र दीक्षित और कमलचंद पर लंबे समय से अवैध तरीकों से धन अर्जित करने के आरोप लग रहे थे। मामले की गहन जांच के बाद मजिस्ट्रेट ने अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर जिलाधिकारी ने गैंगस्टर एक्ट के तहत इन अभियुक्तों की अवैध संपत्ति कुर्क करने के आदेश जारी किए।

जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में क्षेत्राधिकारी गोवर्धन अनिल कुमार सिंह, सदर बाजार मजिस्ट्रेट और थाना प्रभारी भगवत सिंह गुर्जर भारी पुलिस बल के साथ गांव जुल्हेंदी पहुंचे। कार्रवाई के दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई गई और विधिवत कुर्की की प्रक्रिया पूरी की गई।

पुलिस के अनुसार रमाकांत दीक्षित की 0.214 हेक्टेयर भूमि, एक मारुति सुजुकी कार और दो बैंक खाते, जिनकी कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 5 लाख 76 हजार रुपये आंकी गई है, कुर्क किए गए। वहीं रामवीर दीक्षित की दो स्थानों पर स्थित 0.4289 और 0.5286 हेक्टेयर भूमि, दो जेसीबी मशीन, एक मारुति सुजुकी कार और पांच बैंक खाते, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 करोड़ 40 लाख 7 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त कमलचंद के खाते से 81 हजार 57 रुपये तथा देवेंद्र के खाते से 18 हजार 133 रुपये की धनराशि भी कुर्क की गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराध से अर्जित किसी भी संपत्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि कानूनी प्रक्रिया के तहत जिलाधिकारी ने अभियुक्तों को तीन माह का समय दिया है, जिसके भीतर वे अपनी संपत्ति के वैध स्रोतों का प्रमाण प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित अवधि में संतोषजनक साक्ष्य प्रस्तुत न करने पर यह संपत्ति स्थायी रूप से सरकारी घोषित कर दी जाएगी। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img