greater noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो डीपीआर रद्द, प्लांट का अनोखा विरोध प्रदर्शन

greater noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो डीपीआर रद्द, प्लांट का अनोखा विरोध प्रदर्शन
नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो परियोजना को लेकर एक बार फिर निराशा का माहौल बन गया है। केंद्र सरकार द्वारा डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) को दोबारा खारिज किए जाने के बाद क्षेत्र के निवासियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। इसी के विरोध में सेक्टर-71 चौराहे के पास सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व नेफोवा (NEFOWA) द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने अनोखे तरीके से विरोध जताते हुए मेट्रो पिलर को मोटी रस्सियों से बांधकर उसे नोएडा एक्सटेंशन की ओर खींचने का प्रतीकात्मक प्रयास किया। इस दौरान लोगों ने जोरदार नारेबाजी भी की।
निवासियों का कहना है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में लाखों लोग रहते हैं, लेकिन अब तक यहां मेट्रो की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है। रोजाना लोगों को भारी ट्रैफिक जाम और परिवहन की कमी से जूझना पड़ता है। उनका आरोप है कि पिछले 10 वर्षों से मेट्रो को लेकर केवल वादे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नहीं हुआ।
नेफोवा के अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा कि बार-बार डीपीआर को खारिज करना क्षेत्र के लोगों के साथ अन्याय है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस परियोजना को जल्द मंजूरी देकर काम शुरू कराया जाए। वहीं एक्टिव सिटीजन आलोक कुमार ने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे इस क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं की कमी गंभीर समस्या बनती जा रही है।
नोवरा के अध्यक्ष रंजन तोमर ने भी सार्वजनिक परिवहन की कमी को बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि इससे शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोग प्रभावित हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मेट्रो परियोजना पर काम शुरू नहीं किया गया तो 26 अप्रैल को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।





