Greater Noida: निराला एस्टेट सोसाइटी में हैंडओवर पर बवाल, निवासियों ने बिल्डर को दी चुनौती

Greater Noida: निराला एस्टेट सोसाइटी में हैंडओवर पर बवाल, निवासियों ने बिल्डर को दी चुनौती
निराला एस्टेट सोसाइटी ग्रेटर नोएडा वेस्ट की निराला एस्टेट सोसाइटी में हैंडओवर को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। फेज-1 के निवासियों ने बिल्डर प्रबंधन से हैंडओवर लेने से साफ इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि पूरी परियोजना एक ही है, लेकिन बिल्डर इसे फेज-1 और फेज-2 में बांटकर अलग-अलग एओए (AOA) बनाने का दबाव बना रहा है, जो पूरी तरह गलत है।
निवासियों का कहना है कि जब प्राधिकरण के नक्शे में यह एक ही प्रोजेक्ट है, तो दोनों फेज के लिए एक संयुक्त एओए बनाया जाना चाहिए। उन्होंने साफ कर दिया है कि जब तक अधूरे काम पूरे नहीं होते, तब तक हैंडओवर प्रक्रिया स्वीकार नहीं की जाएगी। फेज-1 के निवासी लंबे समय से इस मुद्दे को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, जबकि फेज-2 में लोग करीब दो साल पहले ही बसना शुरू हुए हैं।
इस पूरे विवाद में क्लब हाउस और स्विमिंग पूल भी बड़ा मुद्दा बन गया है। फेज-1 के लोगों का आरोप है कि बिल्डर ने हैंडओवर से पहले सभी निवासियों को समान सुविधाएं देने का वादा किया था, लेकिन अब फेज-2 में बने क्लब हाउस और स्विमिंग पूल का इस्तेमाल फेज-1 के लोगों को नहीं करने दिया जा रहा। इसके बावजूद उनसे हर महीने क्लब शुल्क वसूला जा रहा है।
वहीं, फेज-2 के कुछ निवासियों का कहना है कि ये सुविधाएं उनके लिए विकसित की गई हैं, इसलिए फेज-1 के लोगों का उस पर अधिकार नहीं है। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है।
निवासियों ने चेतावनी दी है कि जब तक सभी सुविधाएं बराबर नहीं मिलतीं और एक संयुक्त एओए का गठन नहीं होता, तब तक वे किसी भी कीमत पर हैंडओवर नहीं लेंगे। मामला अब प्राधिकरण और प्रशासन के हस्तक्षेप की मांग तक पहुंच गया है।





