Greater Noida News: 30 फीट गहरे कुएं में गिरे गोवंश को घंटों चले रेस्क्यू के बाद सुरक्षित निकाला

Greater Noida News: 30 फीट गहरे कुएं में गिरे गोवंश को घंटों चले रेस्क्यू के बाद सुरक्षित निकाला
ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र स्थित ननुआ का राजपुर गांव के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक गोवंश करीब 30 फुट गहरे कुएं में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान शुरुआत में जेसीबी मशीन की मदद से गोवंश को निकालने की कोशिश की गई, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिल पाई। इसके बाद हाइड्रा मशीन को मौके पर बुलाया गया। लगातार हो रही बारिश के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं, लेकिन टीम ने हार नहीं मानी और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद गोवंश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इस अभियान में स्थानीय लोगों, पुलिस और गौ रक्षकों ने मिलकर अहम भूमिका निभाई। जिला गोरक्षक प्रमुख त्रिलोक गुर्जर ने बताया कि बारिश और फिसलन भरी जमीन के बावजूद टीम मौके पर डटी रही और अंततः गोवंश की जान बचाने में सफलता मिली।
घटना के बाद गोरक्षकों ने प्राधिकरण पर लापरवाही के आरोप भी लगाए। उनका कहना है कि क्षेत्र में कई खुले कुएं और बोरवेल के गड्ढे लंबे समय से खुले पड़े हैं, जिनसे जान का खतरा बना रहता है। कई बार शिकायत के बावजूद इन गड्ढों को भरने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
गोरक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन खतरनाक गड्ढों को नहीं भरा गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी जानवर या व्यक्ति की जान जोखिम में न पड़े।





