उत्तर प्रदेशराज्य

Greater Noida Hockey Stadium: ग्रेनो में हॉकी स्टेडियम की परियोजना को गति मिलेगी

Greater Noida Hockey Stadium: ग्रेनो में हॉकी स्टेडियम की परियोजना को गति मिलेगी

नोएडा। ग्रेटर नोएडा में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी स्टेडियम और शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित करने की महत्वाकांक्षी परियोजना को अब नई रफ्तार मिलने जा रही है। केंद्रीय बजट 2026-27 में खेलो इंडिया मिशन के तहत खेल अवसंरचना को मजबूत करने और अगले दस वर्षों में खेलों को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने की घोषणा के बाद इस परियोजना को वित्तीय और नीतिगत मजबूती मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। अधिकारियों का कहना है कि अब धन की कमी इस परियोजना के आड़े नहीं आएगी और योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से जमीन पर उतारा जाएगा।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण लंबे समय से शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है। 38 एकड़ में फैले इस विशाल खेल परिसर में पहले से क्रिकेट, मुक्केबाजी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, बॉस्केटबॉल, स्केटिंग, फुटबॉल और स्विमिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। अब प्रस्ताव है कि प्रत्येक खेल मैदान का तकनीकी मूल्यांकन कर उसकी गुणवत्ता को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बेहतर बनाया जाए। मैदानों की सतह, लाइटिंग सिस्टम, ड्रेनेज, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों के लिए रिकवरी रूम और आधुनिक जिम जैसी सुविधाओं को उन्नत करने की योजना तैयार की जा रही है।

खेलो इंडिया मिशन के तहत देशभर में प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने और कोचों व सहायक स्टाफ को प्रशिक्षित करने का प्रावधान किया गया है। इससे ग्रेटर नोएडा को सीधा लाभ मिल सकता है। यदि किसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय खेल संस्था को परिसर के संचालन की जिम्मेदारी मिलती है, तो यहां प्रोफेशनल कोचिंग, वैज्ञानिक प्रशिक्षण पद्धति, खेल मनोविज्ञान, पोषण परामर्श और डेटा आधारित प्रदर्शन विश्लेषण जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण के लिए दिल्ली, हरियाणा या अन्य राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

ग्रेटर नोएडा के ओएसडी अभिषेक पाठक ने बताया कि खेल परिसर को और अधिक उपयोगी और परिणामोन्मुख बनाने के लिए रुचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित की गई है। अच्छे और व्यवहारिक प्रस्ताव मिलने पर उन्हें लागू किया जाएगा। विशेषज्ञों से भी सुझाव लिए जा रहे हैं, ताकि परिसर को बहुआयामी खेल हब के रूप में विकसित किया जा सके। चयनित संचालक को खेल अकादमी स्थापित करने, प्रतिभा खोज कार्यक्रम चलाने और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की अनुमति दी जाएगी।

इसी कड़ी में सेक्टर-37 में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी स्टेडियम की परियोजना को भी गति मिलेगी। लगभग 10.37 एकड़ भूमि पर बनने वाले इस स्टेडियम पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का अनुमान है। स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप एस्ट्रो टर्फ, दर्शकों के बैठने की आधुनिक व्यवस्था, खिलाड़ियों के लिए अत्याधुनिक चेंजिंग रूम, वार्म-अप एरिया, मीडिया गैलरी और प्रकाश व्यवस्था की सुविधा होगी। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी करना और ओलंपिक, राष्ट्रमंडल व एशियाई खेलों के लिए खिलाड़ियों को तैयार करना है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह परियोजना निर्धारित समयसीमा में पूरी होती है तो गौतमबुद्ध नगर खेल मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरेगा। इससे न केवल स्थानीय युवाओं को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा, बल्कि आसपास के जिलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी यहां आकर अभ्यास कर सकेंगे। खेल पर्यटन और संबंधित सेवाओं के विकास से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा।

खेलो इंडिया मिशन के माध्यम से खेल संस्कृति को जमीनी स्तर तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के विस्तार से नई प्रतिभाओं को पहचान और मंच मिलेगा। यदि योजनाएं प्रभावी रूप से लागू होती हैं, तो आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की नई पीढ़ी तैयार कर सकता है।

Related Articles

Back to top button