Greater Noida City Park: 26 फरवरी से चार दिन सिटी पार्क में भव्य पुष्प प्रदर्शनी

Greater Noida City Park: 26 फरवरी से चार दिन सिटी पार्क में भव्य पुष्प प्रदर्शनी
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क में 26 फरवरी से 01 मार्च तक चार दिवसीय भव्य पुष्प प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर तैयार की जा रही इस प्रदर्शनी में फूलों से निर्मित भारत माता के माथे पर तिलक लगाते हुए ऑपरेशन सिंदूर, राष्ट्रीय पक्षी मोर, शेर, हार्ट शेप जैसी आकर्षक आकृतियां दिखाई जाएंगी।
सिटी पार्क को सजाने का काम पूरी तैयारी के साथ चल रहा है। फव्वारों की मरम्मत कर दी गई है और विभिन्न आकृतियों के स्ट्रक्चर बनाए जा रहे हैं। प्रदर्शनी में प्रवेश निशुल्क होगा। चारों तरफ हजारों रंग-बिरंगे मौसमी फूलों की सुगंध बिखरी रहेगी और विजिटर्स को प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
इस साल पहली बार प्रदर्शनी में ड्रोन शो का आयोजन भी किया जाएगा, जो मुख्य आकर्षण का केंद्र होगा। फूलों से बनीं आकृतियों के अलावा, एक लाख से अधिक मौसमी फूल प्रदर्शनी में सजाए जाएंगे। थीम फ्लावर कैलेंडुला को ध्यान में रखते हुए सिटी पार्क के साथ प्रमुख मार्गों के गोलचक्करों, हरित क्षेत्रों और सेंट्रल वर्ज पर भी कैलेंडुला के पौधे लगाए गए हैं, जिनमें फूल खिल चुके हैं। प्राधिकरण ने 40 गोलचक्कर, 45 हरित क्षेत्र और 17 सेंट्रल वर्ज को एडॉप्ट कर प्रदर्शनी को भव्य रूप दिया है।
प्रदर्शनी में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीक की झलक भी देखने को मिलेगी। शहर के छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटकों के जरिए पर्यावरण संरक्षण और कबाड़ के रीयूज का संदेश भी दिया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने कहा, “सिटी पार्क में पुष्प प्रदर्शनी के भव्य आयोजन की तैयारी पूरी हो रही है। समय पर सभी कार्य पूरे होंगे। लोग इस वीकेंड सिटी पार्क में प्रदर्शनी का आनंद ले सकते हैं। बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी के लिए यह अनुभव यादगार होगा। दर्शकों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।”
