Greater Noida Authority: हैबतपुर के डूब क्षेत्र में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बुल्डोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त किया

Greater Noida Authority: हैबतपुर के डूब क्षेत्र में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बुल्डोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त किया
नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने हैबतपुर के डूब क्षेत्र में बुधवार को अतिक्रमण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बने अवैध निर्माण को बुल्डोजर से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई प्राधिकरण की परियोजना और भूलेख विभाग की संयुक्त टीम ने की। स्थानीय कालोनाइजर अवैध तरीके से प्लॉटिंग कर इस क्षेत्र में कालोनी बसाने की फिराक में थे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि हिंडन डूब क्षेत्र में अतिक्रमण रोकने के लिए एनजीटी की ओर से आदेश दिए गए हैं और प्राधिकरण लगातार इन आदेशों का अनुपालन कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अधिसूचित एरिया में अनुमति या मान्यता के बिना अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ प्राधिकरण की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से पूरी जानकारी अवश्य लें ताकि अवैध कॉलोनी में अपनी मेहनत की कमाई फंसने से बच सके।
हैबतपुर के खसरा संख्या 280 और 287 की लगभग 6000 वर्ग मीटर जमीन हिंडन के डूब क्षेत्र में आती है और यह प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में शामिल है। प्राधिकरण की परियोजना विभाग की वर्क सर्किल-3 टीम ने पुलिस के सहयोग से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम के प्रभारी राजेश कुमार निम, प्रबंधक रोहित गुप्ता और अन्य अधिकारियों ने करीब दो घंटे की कार्रवाई में अवैध निर्माण ध्वस्त किया।
प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह ने बताया कि पहले भी अवैध निर्माण को रोकने के कई प्रयास किए गए थे, लेकिन निर्माणकर्ता नियमों की अनदेखी करते हुए निर्माण जारी रखे थे। इसी वजह से प्राधिकरण ने यह कठोर कदम उठाया। यह कार्रवाई स्थानीय नागरिकों और पर्यावरण सुरक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
प्राधिकरण ने साफ संदेश दिया है कि किसी भी नागरिक या कालोनाइजर को प्राधिकरण की अनुमति और नक्शा पास किए बिना अवैध निर्माण करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और ऐसे मामलों में लगातार निगरानी और कार्रवाई की जाएगी।





