Dankaur crime: नगर पंचायत अध्यक्ष की दुकान से लाखों के कॉपर तार चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

Dankaur crime: नगर पंचायत अध्यक्ष की दुकान से लाखों के कॉपर तार चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

नोएडा। दनकौर कस्बे में नगर पंचायत अध्यक्ष राजवती देवी की इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान से लाखों रुपये के कॉपर के तार चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का कुछ सामान भी बरामद किया है। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना के बाद की गई।

नगर पंचायत अध्यक्ष राजवती देवी की दुकान बस अड्डा रोड पर स्थित है। उनके बेटे दीपक कुमार ने बताया कि 11 जनवरी की रात आरोपियों ने दुकान की छत पर चढ़कर ग्रिल काटी और अंदर से लाखों रुपये मूल्य के कॉपर के तार चुरा लिए थे। इस घटना के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मंगलवार रात ननुआ के राजपुर गांव के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति घूम रहे हैं, जिनका संबंध नगर पंचायत अध्यक्ष की दुकान में हुई चोरी से था। सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। आरोपियों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दादूपुर गांव निवासी संदीप उर्फ चैनी और कस्बा निवासी अजय उर्फ ज्ञानेंद्र उर्फ भोलू के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही नगर पंचायत अध्यक्ष की दुकान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि उन्होंने चोरी के करीब 52 हजार रुपये मूल्य के कॉपर के तार बेच दिए थे और बचे हुए तार बेचने के लिए मंगलवार रात जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पहले भी चोरी की कई घटनाओं में शामिल रह चुके हैं और जेल जा चुके हैं। दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और उन्हें जेल भेज दिया गया।

यह घटना स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तुरंत सूचना दें और अपने व्यवसायिक प्रतिष्ठान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img