राज्यउत्तर प्रदेश

Noida crime: सेक्टर-113 पुलिस ने दो शातिर बदमाश दबोचे, चोरी का भारी माल और वारदात में इस्तेमाल औजार बरामद

Noida crime: सेक्टर-113 पुलिस ने दो शातिर बदमाश दबोचे, चोरी का भारी माल और वारदात में इस्तेमाल औजार बरामद

नोएडा। थाना सेक्टर-113 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार बैटरी, एक टीवी, दो मोबाइल फोन, दो सैमसंग टैबलेट, एक लैपटॉप, एक डीवीआर, एक मोटरसाइकिल के साथ-साथ चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की गई हथौड़ी, कटर और एक स्कूटी भी बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई कई चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरफ्तारी लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। चोरी के मामलों में फरार चल रहे जय कुमार उर्फ लविश उर्फ मिट्ठू निवासी बिहार और राममोहन निवासी जिला शाहजहांपुर को ग्रीन बेल्ट, सेक्टर-123 के पास से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी लंबे समय से थाना क्षेत्र में सक्रिय थे और लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी बेहद शातिर किस्म के चोर हैं। वे किसी भी वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके की पूरी रेकी करते थे और फिर सुनसान समय का फायदा उठाकर चोरी करते थे। हाल ही में थाना सेक्टर-113 क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी की घटना के बाद से पुलिस इनकी तलाश में जुटी हुई थी।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अन्य चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इनके गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और उनके नेटवर्क को तोड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और भी खुलासे होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button