
Faridabad FMDA Meeting: सीएम नायब सिंह सैनी अधिकारियों पर नाराज, 988 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी
रिपोर्ट: संदीप चौहान
हरियाणा के फरीदाबाद में सूरजकुंड स्थित राजहंस में आयोजित FMDA की सातवीं बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अधिकारियों पर नाराज नजर आए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने पिछले साल प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों की धीमी कार्यप्रणाली पर कड़ा रुख अपनाया।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बैठक में जिन विकास कार्यों को मंजूरी दी गई थी, उनकी प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिस तरह जनता को जवाब देने की जिम्मेदारी उनकी है, उसी तरह अधिकारियों की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे तय समय में काम पूरा करें। उन्होंने चेतावनी दी कि वर्षों तक टेंडर प्रक्रिया में काम अटका रहना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक के दौरान FMDA के लिए 988 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गई। इस बजट के तहत शहर में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने, सड़कों के निर्माण, सीवरेज सिस्टम को दुरुस्त करने और ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।
इसके अलावा दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे और आगरा नहर के बीच करीब 18 किलोमीटर क्षेत्र में हरियाली विकसित करने के लिए भी बजट पास किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फरीदाबाद के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और सभी योजनाओं को समय पर पूरा करना सुनिश्चित किया जाएगा।
फरीदाबाद में पानी की बढ़ती जरूरत को लेकर उत्तर प्रदेश की गंग नहर से पानी लाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पर पिछली बैठक में चर्चा हो चुकी है और इसे अमलीजामा पहनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार से भी समन्वय स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने दोहराया कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता को बेहतर सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता है।



