East Delhi Crime: पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी

East Delhi Crime: पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी
रिपोर्ट: रवि डालमिया
पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र में डीडीए की खाली जमीन पर 31 वर्षीय युवक पुष्पेंद्र उर्फ आकाश का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना टेल्को टी-पॉइंट के पास हुई, जहां 8 मार्च 2026 को पुलिस को अज्ञात व्यक्ति के शव की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के साथ अपराध शाखा और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या हत्या का स्पष्ट संकेत फिलहाल सामने नहीं आया है।
जांच के दौरान मृतक की पहचान मंडावली के स्कूल ब्लॉक निवासी पुष्पेंद्र उर्फ आकाश के रूप में हुई। उसके पिता का नाम बुधपाल सिंह बताया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चलेगा।
युवक की मौत से नाराज परिजनों ने मंडावली थाना के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया और दिल्ली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों का आरोप है कि आकाश की हत्या की गई है। पीड़ित परिवार ने बताया कि आकाश 7 मार्च को किसी काम से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद उन्होंने मंडावली थाने में शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि पुलिस ने आकाश को ढूंढने में लापरवाही बरती।
आकाश सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय था और उसके इंस्टाग्राम पर करीब चार लाख फॉलोअर थे। पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले की सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और कानूनी कार्रवाई जारी है।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





