Delhi Crime Alert: नेब सराय में नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और अपहरण का प्रयास

Delhi Crime Alert: नेब सराय में नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और अपहरण का प्रयास
दक्षिण दिल्ली के नेब सराय इलाके में 14 साल की नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और जबरन अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। लड़की मंगलवार शाम अपने छोटे भाई को ट्यूशन छोड़ने जा रही थी, तभी स्कूटी सवार एक युवक ने उसे रोकने और जबरन अपनी ओर खींचने की कोशिश की। आरोपी ने लड़की के साथ छेड़छाड़ भी की। लड़की ने हिम्मत दिखाते हुए मौके से भागकर अपने घर पहुंची और परिवार को पूरी घटना बताई। इसके बाद उसके दादा और पिता ने नेब सराय थाने में शिकायत दर्ज कराई। शुरुआती समय में पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया, जिससे परिवार और स्थानीय लोग नाराज हुए और सैकड़ों सिख समुदाय के लोग थाने के बाहर इकट्ठा हो गए।
घटना के समय स्कूटी सवार युवक का पीछा करते हुए उसकी हरकतें गली में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गईं। वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने लड़की के बयान दर्ज किए और आसपास लगे CCTV फुटेज की जांच कर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। आरोपी लड़की के पड़ोस में ही रहता है और उसके परिवार में जल्द ही शादी होने की जानकारी मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। परिवार और स्थानीय लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।





