Delhi Bus Accident: करोल बाग में डबल डेकर बस पलटी, 2 की मौत, कई घायल

Delhi Bus Accident: करोल बाग में डबल डेकर बस पलटी, 2 की मौत, कई घायल
दिल्ली के करोल बाग इलाके में झंडेवालान मंदिर के पास मंगलवार देर रात एक बड़ा बस हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, जयपुर से फतेहपुरी, सदर बाजार, दिल्ली जा रही स्लीपर डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 30 यात्री सवार बस में से कई घायल हुए।
फायर डिपार्टमेंट को रात 1 बजकर 8 मिनट पर इस हादसे की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त थी। बस का फ्रंट शीशा चकनाचूर हो चुका था, साइड खिड़कियों के शीशे टूट गए थे, और बस का आगे का हिस्सा पिचक गया था। पीछे की बॉडी भी क्षतिग्रस्त थी और एक पहिया बस के बाहर निकल चुका था। यह दृश्य ही हादसे की गंभीरता का अंदाजा दे रहा था।
हादसे में घायल यात्रियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। कुल 23 घायल हुए, जिनमें से 12 को आरएमएल अस्पताल, 10 को गंगा राम अस्पताल और 1 को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। दो घायल यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बचाव अभियान चलाया। करोल बाग के एसएचओ और रात्री गश्ती दल के कांस्टेबल रोहित, मोहित और सतीश तुरंत मौके पर पहुंचे। बस में कई यात्री फंसे हुए थे और मदद के लिए पुकार रहे थे। पुलिस टीम ने पास से गुजर रही जेसीबी मशीन को रोककर, आम लोगों की मदद से बस को सावधानीपूर्वक ऊपर उठाया और सड़क किनारे रखे भारी सीमेंट ब्लॉकों से उसे सुरक्षित किया। इसके बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया।
हादसे की जांच कर रही पुलिस ने बस के ड्राइवर पंकज कुमार को हिरासत में ले लिया है। उसका इलाज लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस ने बताया कि ड्राइवर की लापरवाही या तकनीकी खराबी को लेकर मामले की गहन जांच की जा रही है। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। स्थानीय लोग और पुलिस कर्मियों ने मिलकर घायल यात्रियों को बाहर निकालने और राहत कार्य में मदद की।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





