Crime News: एक गिरफ्तारी से खुला चोरी और गांजा तस्करी का नेटवर्क, 1.1 किलो गांजा बरामद

Crime News: एक गिरफ्तारी से खुला चोरी और गांजा तस्करी का नेटवर्क, 1.1 किलो गांजा बरामद
नोएडा। ग्रेटर नोएडा में बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने एक ऐसे शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है, जो बंद पड़े मकानों में चोरी करने के साथ-साथ शहर की सोसाइटियों और कॉलोनियों में गांजे की सप्लाई भी करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के लाखों रुपये मूल्य के आभूषण, 1.1 किलो अवैध गांजा, वारदात में इस्तेमाल बाइक, फर्जी नंबर प्लेट और करीब दो दर्जन चाबियां बरामद की हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अलीगढ़ निवासी साहिल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अब तक 10 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। वह बंद मकानों की रेकी कर चोरी करता था और इसी बाइक का इस्तेमाल विभिन्न सोसाइटियों व कॉलोनियों में गांजा पहुंचाने के लिए भी करता था।
चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ा
डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि सोमवार को बीटा-2 कोतवाली पुलिस सिटी पार्क नवादा के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे साहिल को पुलिस ने रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी के आभूषण, गांजा और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए बाइक पर बार-बार फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलता था। इससे चोरी की वारदातों के बाद पुलिस के लिए उसकी पहचान करना मुश्किल हो जाता था।
बंद मकानों को बनाता था निशाना
पूछताछ में आरोपी ने 6 जून 2026 को ग्रेटर नोएडा के अल्फा-1 के बी ब्लॉक स्थित एक बंद मकान में चोरी करने की बात स्वीकार की है। इसके अलावा 11 जुलाई 2026 को सिल्वर ऑक्स सोसाइटी में भी बंद पड़े मकान से सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने की बात सामने आई है। इन दोनों मामलों में संबंधित कोतवाली में पहले से प्राथमिकी दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन सोने की चेन, दो सोने के मंगलसूत्र, एक सोने का ब्रेसलेट, दो सोने के पेंडेंट और पांच सोने की अंगूठियां समेत अन्य आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा करीब दो दर्जन चाबियां और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी मिले हैं।
चोरी के साथ गांजे की सप्लाई भी करता था
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सिर्फ चोरी की घटनाओं तक सीमित नहीं था। वह चोरी के लिए इस्तेमाल की जाने वाली बाइक से ही अलग-अलग सोसाइटियों और कॉलोनियों में घूमकर गांजे की सप्लाई करता था। पुलिस ने उसके पास से 1.1 किलो अवैध गांजा बरामद किया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके संपर्क में रहे लोगों और गांजा खरीदने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही, अन्य चोरी की घटनाओं में उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।




