Dowry Death: विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद थाने पर हंगामा, पति-देवर और सास पर केस
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के कासना क्षेत्र के घंघौला गांव में सोमवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मंगलवार को मायके पक्ष के लोगों ने कासना कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले में महिला के पति, देवर और सास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के समझाने और कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद परिजन शांत हुए।
पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद के जावली गांव निवासी दो सगी बहनों तनु और तनीषा की शादी वर्ष 2020 में घंघौला गांव निवासी अमित और सुमित से हुई थी। दोनों बहनों के दो-दो बच्चे हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर दोनों बहनों को परेशान करते थे।
ब्रेजा के बाद स्कॉर्पियो की मांग का आरोप
परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष पहले दहेज में ब्रेजा कार की मांग कर रहा था और बाद में स्कॉर्पियो की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि मांग लगातार बढ़ती गई और विवाहिता के साथ मारपीट भी की जाती थी। परिजनों के मुताबिक, इसी को लेकर दोनों बहनों के ससुराल पक्ष के साथ कई बार विवाद हुआ और पंचायत भी बैठी, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
सोमवार रात तनु की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग वहां से फरार हो गए।
मायके पक्ष ने कोतवाली में किया हंगामा
घटना से नाराज मायके पक्ष के काफी संख्या में महिला और पुरुष मंगलवार को कासना कोतवाली पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस के सामने जमकर विरोध जताया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद हंगामा शांत हुआ।
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी रवि शंकर निम के अनुसार, महिला ने गले में फंदा लगाकर जान दी। परिजनों की शिकायत के आधार पर पति अमित, देवर सुमित और सास कृष्ण के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत के बाद भी नहीं रुकी प्रताड़ना
परिजनों का कहना है कि दोनों बहनों को ससुराल में आए दिन प्रताड़ित किया जाता था। दहेज की मांग को लेकर कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन आरोप है कि ससुराल पक्ष ने पंचायत के फैसले को भी नहीं माना। परिजनों का आरोप है कि लगातार प्रताड़ना और दहेज की मांग से परेशान होकर तनु ने अपनी जान दे दी।
बच्चों ने मां को बचाने की लगाई थी गुहार
परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात विवाद के बाद तनु अपने कमरे में चली गई थी। इस दौरान उसकी छोटी बहन तनीषा और उसके बच्चों ने ससुराल पक्ष के लोगों से मदद की गुहार लगाई। तनीषा ने कथित तौर पर कहा कि उसकी बहन कुछ कर सकती है और उसे बचाने की जरूरत है, लेकिन आरोप है कि कोई उसे बचाने नहीं पहुंचा। पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

