Child Cancer Survival: इलाज के बाद 94.5% बच्चों की बढ़ी जीवन दर

Child Cancer Survival: इलाज के बाद 94.5% बच्चों की बढ़ी जीवन दर
नई दिल्ली, 15 फरवरी: देश में बचपन के कैंसर से जूझ रहे परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। एक राष्ट्रीय अध्ययन के अनुसार, कैंसर का इलाज पूरा करने वाले 94.5% बच्चे पांच साल तक जीवित रहते हैं। यह निष्कर्ष भारतीय बाल चिकित्सा हेमाटोलॉजी ऑन्कोलॉजी समूह द्वारा शुरू किए गए देश के पहले बड़े सरवाइवरशिप प्रोग्राम से सामने आया है।
2016 में शुरू हुए इस कार्यक्रम के तहत दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता और बेंगलुरु सहित 20 केंद्रों पर इलाज पूरा करने वाले 5,400 से अधिक बच्चों को ट्रैक किया गया। AIIMS Delhi की डॉ. रचना सेठ ने बताया कि 2016 से 2024 तक के डेटा में पांच साल का ओवरऑल सर्वाइवल 94.5% और इवेंट-फ्री सर्वाइवल 89.9% रहा। इलाज के दो साल बाद सर्वाइवल दर 98.2% तक पहुंच गई।
अध्ययन में 41% मामलों में ल्यूकेमिया सबसे आम कैंसर पाया गया। अधिकांश बच्चों को कीमोथेरेपी, एक-चौथाई को रेडियोथेरेपी और लगभग एक-तिहाई को सर्जरी की जरूरत पड़ी। विशेषज्ञों ने चेताया कि इलाज के बाद भी बच्चों को हृदय, प्रजनन और मानसिक स्वास्थ्य जैसी दीर्घकालिक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है, जिनकी व्यवस्थित निगरानी जरूरी है। अध्ययन के नतीजे The Lancet Regional Health – Southeast Asia में प्रकाशित हुए हैं।





