Census 2027: जनगणना 2027 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रागणकों का सम्मान, अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह

Census 2027: जनगणना 2027 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रागणकों का सम्मान, अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह
नोएडा। जनगणना 2027 के महत्वपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रागणकों को नोएडा प्राधिकरण द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) एवं जनगणना के नोडल अधिकारी सुमित यादव तथा ओएसडी एवं चार्ज अधिकारी मुकेश कुमार सिंह ने प्रागणकों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की। सम्मान समारोह में उन प्रागणकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया जिन्होंने जनगणना कार्य को समयबद्ध और जिम्मेदारीपूर्वक पूरा किया। सम्मानित होने वालों में सुपरवाइजर प्रदीप राणा, हाकिम अली (एचएलबी-1564), प्रवीण कुमार (एचएलबी-1565), रूबी (एचएलबी-1560), इजरायल (एचएलबी-1561), कुसुमलता (एचएलबी-1777), सरोज (एचएलबी-1778) और वीना (एचएलबी-1779) सहित अन्य प्रागणक शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों के समर्पण, मेहनत और जिम्मेदारी की सराहना करते हुए कहा कि जनगणना किसी भी देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया होती है। ऐसे में इस कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले कर्मचारियों का योगदान विशेष महत्व रखता है। इस अवसर पर ओएसडी रामनयन सिंह, ओएसडी अजय शर्मा, वरिष्ठ प्रबंधक चेतराम सिंह सहित प्राधिकरण के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने सम्मानित प्रागणकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राधिकरण के एसीईओ एवं नोडल अधिकारी सुमित यादव ने कहा कि जनगणना का कार्य शासन की प्राथमिकता वाले महत्वपूर्ण कार्यों में शामिल है। उन्होंने अन्य प्रागणकों से भी अपील की कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर जनगणना कार्य को पूरा कर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए इस कार्य में जुटे प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके प्रयासों की सराहना की जानी चाहिए।

