CBSE 12th Result 2026: नोएडा रीजन में लड़कियों ने मारी बाजी, 85.93% रहा रिजल्ट
CBSE 12th Result 2026: नोएडा रीजन में लड़कियों ने मारी बाजी, 85.93% रहा रिजल्ट
Central Board of Secondary Education यानी CBSE ने बुधवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए। इस बार Noida Region का कुल परीक्षा परिणाम 79.43 प्रतिशत दर्ज किया गया। खास बात यह रही कि लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया। नोएडा रीजन में लड़कियों का रिजल्ट 85.93 प्रतिशत जबकि लड़कों का परिणाम 73.91 प्रतिशत रहा।
सीबीएसई के आंकड़ों के अनुसार, नोएडा रीजन में इस वर्ष कुल 1,23,490 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 1,22,322 छात्रों ने परीक्षा दी। राष्ट्रीय स्तर पर नोएडा रीजन को 20वां स्थान प्राप्त हुआ है। पिछले वर्षों के मुकाबले इस बार परिणाम में थोड़ा बदलाव देखने को मिला। वर्ष 2025 में नोएडा रीजन का रिजल्ट 81.29 प्रतिशत रहा था, जबकि 2024 में यह 80.27 प्रतिशत था। वहीं 2023 में 90.27 प्रतिशत छात्र सफल हुए थे।
अगर केवल नोएडा शहर की बात करें तो यहां 57 परीक्षा केंद्रों पर 19 हजार से अधिक छात्रों ने परीक्षा दी थी। परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हुई थीं। रिजल्ट जारी होते ही स्कूलों और छात्रों के बीच खुशी का माहौल देखने को मिला। कई स्कूलों ने इस बार 100 प्रतिशत परिणाम हासिल किया है।
नोएडा के जिन प्रमुख स्कूलों का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा उनमें Delhi Public School, Amity International School, Ryan International School, Army Public School, Bal Bharati Public School, Shiv Nadar School सहित कई अन्य स्कूल शामिल हैं। स्कूल परिसरों में छात्रों और अभिभावकों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।
इस बार भी CBSE ने मेरिट लिस्ट जारी नहीं करने का फैसला लिया है। बोर्ड के अनुसार, बड़ी संख्या में छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं, इसलिए मेरिट सूची जारी नहीं की गई। कई छात्रों का मानना है कि मेरिट लिस्ट न आने से प्रतिस्पर्धा का दबाव कम होता है, हालांकि कुछ छात्रों को लगता है कि इससे टॉपर्स को पहचान नहीं मिल पाती।
लंबे इंतजार के बाद परिणाम घोषित होने से छात्रों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल है। अब छात्र आगे के करियर और कॉलेज एडमिशन की तैयारी में जुट गए हैं।

