Akhilesh Yadav Rally: 29 मार्च को दादरी में सपा की विशाल रैली, 2027 चुनाव का बिगुल फूंकेगी पार्टी

Akhilesh Yadav Rally: 29 मार्च को दादरी में सपा की विशाल रैली, 2027 चुनाव का बिगुल फूंकेगी पार्टी
नोएडा। समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में होने वाले 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अब पूरी तरह सक्रिय हो गई है। पार्टी ने चुनावी अभियान की शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश से करने का फैसला लिया है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 29 मार्च को गौतम बुद्ध नगर जिले की दादरी विधानसभा में एक विशाल रैली को संबोधित करेंगे। पार्टी का दावा है कि इस रैली में एक लाख से अधिक लोग शामिल होंगे।
गुरुवार को ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने रैली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अक्सर समाजवादी पार्टी को कमजोर माना जाता है, लेकिन पार्टी इस धारणा को बदलने के लिए अब इस क्षेत्र से चुनावी बिगुल फूंकने जा रही है।
राजकुमार भाटी ने बताया कि 29 मार्च को दादरी के मिहिरभोज डिग्री कॉलेज में “समाजवादी समानता भाईचारा रैली” आयोजित की जाएगी। इस रैली में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 32 जिलों की 142 विधानसभा सीटों से कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचेंगे। पार्टी का दावा है कि रैली में लगभग एक लाख लोग शामिल होंगे और यह रैली क्षेत्र की सबसे बड़ी राजनीतिक सभाओं में से एक साबित हो सकती है।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम की तैयारी लंबे समय से चल रही है। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और पंचायतों के माध्यम से उन्हें रैली में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। भाटी के अनुसार, लोगों में इस रैली को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग स्वेच्छा से इसमें शामिल होने के लिए तैयार हैं।
राजकुमार भाटी ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी पिछले विधानसभा चुनाव के बाद से ही संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति बनाने में जुटी हुई है। पार्टी का लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दादरी में होने वाली यह रैली पार्टी के लिए एक बड़ा राजनीतिक संदेश देगी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन को नई मजबूती मिलेगी।




