दिल्ली

AI Summit Row: कांग्रेस मुख्यालय पर भाजपा का विराट रोष प्रदर्शन, हजारों कार्यकर्ताओं ने दी गिरफ्तारी

AI Summit Row: कांग्रेस मुख्यालय पर भाजपा का विराट रोष प्रदर्शन, हजारों कार्यकर्ताओं ने दी गिरफ्तारी

रिपोर्ट: रवि डालमिया

एआई समिट में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद दिल्ली की सियासत में घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस द्वारा समिट के दौरान किए गए प्रदर्शन के विरोध में आज दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के नेतृत्व में हजारों भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय पर विराट रोष प्रदर्शन किया और सामूहिक गिरफ्तारी दी।

प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक राजकुमार भाटिया द्वारा संचालित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सांसद, विधायक, निगम पार्षद और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वीरेन्द्र सचदेवा के साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी, प्रदेश पदाधिकारी विष्णु मित्तल, प्रवीण शंकर कपूर, विनय रावत, लता गुप्ता, सारिका जैन, सोना कुमारी, बृजेश राय, सुमित भसीन, संतोष ओझा, अजय सहरावत, नितिन त्यागी, भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल, उप महापौर जयभगवान यादव और विभिन्न जिलाध्यक्षों ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और आगे बढ़ने का प्रयास किया। बताया गया कि दूसरा बैरिकेड तोड़ने के बाद वीरेन्द्र सचदेवा सहित लगभग एक हजार कार्यकर्ता आगे बढ़े, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें रोका और हिरासत में लेकर तुगलक रोड थाने ले गई। करीब एक घंटे बाद चेतावनी देकर सभी को छोड़ दिया गया।

वीरेन्द्र सचदेवा ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भारत माता की जय और वंदेमातरम के नारे लगवाए और कहा कि एआई समिट किसी एक दल का नहीं बल्कि राष्ट्र का कार्यक्रम था। उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस प्रकार का प्रदर्शन देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास है। उनके अनुसार जब पूरा विश्व भारत की तकनीकी प्रगति, स्टार्टअप इकोसिस्टम और डिजिटल नेतृत्व को स्वीकार कर रहा है, तब इस तरह का विरोध नकारात्मक राजनीति को दर्शाता है।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में तकनीक, स्टार्टअप और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है और कांग्रेस इस प्रगति को स्वीकार नहीं कर पा रही है। सचदेवा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक हताशा को देशहित से ऊपर रख रही है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी भारत की उपलब्धियों को कमतर दिखाने की कोशिश कर रही है।

सांसद मनोज तिवारी ने भी प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एआई समिट में हुई घटना सामान्य विरोध नहीं था, बल्कि कांग्रेस की निराशा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि 80 से अधिक देशों से युवा एआई समिट में भाग लेने आए थे और यह भारत की वैश्विक पहचान को मजबूत करने का अवसर था। उनके अनुसार यह किसी दल का कार्यक्रम नहीं बल्कि पूरे भारत का मंच था।

प्रदर्शन के बाद राजधानी में राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है और एआई समिट को लेकर विवाद फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा।

Related Articles

Back to top button