Chirag Paswan statement: गिरते जनाधार से बौखलाया विपक्ष बेवजह उठा रहा SIR का मुद्दा: चिराग पासवान

Chirag Paswan Statement: गिरते जनाधार से बौखलाया विपक्ष बेवजह उठा रहा SIR का मुद्दा: चिराग पासवान
नोएडा। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि अपने लगातार गिरते जनाधार से परेशान विपक्षी दल बेवजह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के बीच विपक्षी दलों के खिलाफ भारी आक्रोश है और यही वजह है कि वे चुनावी हार से पहले ही बहाने तलाशने में जुट गए हैं।
चिराग पासवान शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा के एक्सपोर्ट मार्ट में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय खाद्य एवं पेय प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि देश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कोई नई प्रक्रिया नहीं है। यह पहले भी कई बार किया जा चुका है। इस बार सिर्फ इतना बदलाव हुआ है कि प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया गया है, ताकि यह अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बन सके।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विपक्ष यह जानता है कि जनता अब उनके झूठे आरोपों और भ्रम फैलाने की राजनीति को समझ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया, उससे जनता बेहद नाराज है और उसी का नतीजा उन्हें चुनावों में भुगतना पड़ रहा है। चिराग पासवान ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे विपक्ष के लिए एक स्पष्ट संदेश हैं, जिससे उन्हें सीख लेनी चाहिए।
एसआईआर को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि पहले भी जनगणना और मतदाता सूचियों में सुधार के लिए इस तरह की प्रक्रियाएं अपनाई जाती रही हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि अब तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके बावजूद अगर विपक्ष सवाल उठा रहा है, तो साफ है कि वे पहले ही हार स्वीकार कर चुके हैं और अब जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
चिराग पासवान ने खाद्य एवं पेय प्रदर्शनी को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शनी में 120 से अधिक देशों के प्रमुख कारोबारी प्रतिष्ठान हिस्सा ले रहे हैं, जो भारत के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की वैश्विक पहचान को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां निवेश, रोजगार और किसानों की आय बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और जनता विकास, पारदर्शिता और मजबूत लोकतंत्र के साथ खड़ी है। विपक्ष चाहे जितना भी शोर मचाए, सच्चाई जनता के सामने है और आने वाले चुनावों में इसका असर साफ दिखाई देगा।





