उत्तर प्रदेश : हापुड़ के लेखपाल प्रकरण पर एक्शन में सीएम योगी, दिए निष्पक्ष जांच के आदेश, निलंबित लेखपाल की आत्महत्या की कोशिश के मामले का मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

Lucknow/Hapur News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हापुड़ जिले में लेखपाल द्वारा आत्महत्या का प्रयास करने की घटना का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। धौलाना तहसील में तैनात लेखपाल सुभाष मीणा को भ्रष्टाचार के आरोप में जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय द्वारा निलंबित कर दिया गया था। सीएम योगी ने मेरठ के मंडलायुक्त और पुलिस महानिरीक्षक को संयुक्त रूप से प्रकरण की निष्पक्ष रूप से गहन छानबीन कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

कर्मचारी के साथ अन्याय होगा

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार न तो किसी भ्रष्टाचार को बर्दाश्त करेगी, न ही किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय होने देगी। उन्होंने कहा कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी और सच्चाई के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी।

निलंबित कर जांच के आदेश दिए थे

बता दें कि लेखपाल सुभाष मीणा पर खसरा-खतौनी की नकल के एवज में अवैध धन वसूली के आरोप लगे थे, जिस पर ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने उन्हें निलंबित कर जांच के आदेश दिए थे। इस कार्रवाई के बाद मानसिक तनाव में आकर लेखपाल ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता और तटस्थता सुनिश्चित की जाए

मुख्यमंत्री योगी ने लेखपाल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी सरकारी कर्मचारी या आमजन को अवसाद की स्थिति में नहीं आने देना चाहिए। सरकार प्रत्येक नागरिक की चिंता करती है और न्यायसंगत प्रक्रिया के साथ मानवीय संवेदनाओं का भी सम्मान करती है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद शासन स्तर से संबंधित विभागों को भी यह निर्देश दिए गए हैं कि जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता और तटस्थता सुनिश्चित की जाए।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img