शिक्षा में बदलाव व नई तकनीक से रूबरू कराएगा एक्सपो

अमर सैनी

नोएडा। शिक्षा के क्षेत्र में आ रहे बदलाव और नई तकनीकों से रूबरू कराने के मकसद से 11 नवंबर से तीन दिवसीय भारत शिक्षा एक्सपो-2024 का आयोजन किया जा रहा है। इसमें एक लाख तक आगंतुक आएंगे। इसका एक उद्देश्य भारत को विश्व गुरु बनाने के मकसद से शिक्षा के सभी बड़े संस्थानों को एक मंच पर लाना भी है। 250 से अधिक संस्थान इसमें शामिल हो रहे हैं।

शिक्षा के विश्व गुरु के रूप में भारत की भूमिका को रेखांकित करने के लिए ग्रेनो प्राधिकरण और एक्सपो मार्ट की तरफ से यह आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के संस्थान हिस्सा लेंगे। आयोजन छात्रों के भविष्य के लिहाज से शिक्षा का प्रारूप तय करने के लिए एक साझा मंच तैयार करेगा।भारत शिक्षा एक्सपो में अलग-अलग जोन बनाए जाएंगे। स्कूल जोन में प्राइमरी से सेकेंडरी एजुकेशन पर फोकस किया जाएगा। कॉलेज और विश्वविद्यालय जून में उच्च शिक्षण संस्थाओं, वोकेशनल ट्रेंनिंग सेंटर्स, रिसर्च के अवसरों समेत अन्य पर फोकस होगा। इसके अलावा स्किल डेवलपमेंट, फिजिकल एजुकेशन और स्पोर्ट्स जोन भी होंगे। इसमें तमाम आधुनिक एवं तकनीक युक्त जानकारी आने वालों को मिल सकेगी।

आयोजन के लिए समिति गठित की

भारत शिक्षा एक्सपो के आयोजन के लिए पाठ्यक्रम समिति बनाई गई है, जिसमें प्राधिकरण की एसीईओ, इंडिया एक्सपोर्ट मार्ट के चेयरमैन और सीईओ, भारत शिक्षा एक्सपो 2024 के चेयरपर्सन डॉ. हरिवंश चतुर्वेदी सहित 10 प्रतिनिधि शामिल किए गए हैं। आयोजन के दौरान कॉन्क्लेव, इंटरेक्टिव वर्कशॉप, विशेष सत्र और संवाद समेत अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शिक्षा में तकनीक के समावेश का प्रदर्शन

शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक का समावेश किस स्तर तक आ गया है, इसकी भी झलक देखने को मिलेगी। इसमें शैक्षिक खिलौने, स्कूलों के प्रबंधन के लिए एआई, स्पोर्ट्स और फिटनेस शिक्षा व इसके उपकरण, शैक्षिक उत्पाद, एजुटेक कंपनियों के उत्पाद आदि देखने को मिलेंगे।

हैकथॉन, आइडियाथॉन, क्विज प्रतियोगिता भी होंगी

भारत शिक्षा एक्सपो-2024 से स्वदेशी प्रतिभाओं का पता लगाने में मदद मिलेगी। इसमें हैकथॉन, आइडियाथॉन, सक्सेस स्टोरीज, क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारी चल रही है। आयोजन के संबंध में बृहस्पतिवार को ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने आयोजन की कोर कमेटी व एक्सपो मार्ट के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें प्राधिकरण की तरफ से एसीईओ प्रेरणा सिंह, श्रीलक्ष्मी वीएस व अन्य मौजूद रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img