किसानों का अनिश्चितकालीन धरना जारी, एसीईओ ने प्रतिनिधियों के साथ की वार्ता

अमर सैनी

नोएडा। प्राधिकरण दफ्तर पर पिछले लगभग तीन माह से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे किसानों के प्रतिनिधियों के साथ एसीईओ ने वार्ता की। इस दौरान सभी किसानों को अतिरिक्त मुआवजा, आबादी भूखंड, लीजबैक आदि मुद्दों पर हुई चर्चा सकारात्मक रही। एसीईओ ने प्राधिकरण स्तर से जुड़ी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है। हालांकि किसानों का धरना जारी रहेगा। समस्याओं के समाधान होने के बाद ही धरना समाप्त करने का ऐलान किया है।

बता दें कि भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के नेतृत्व में जमीन अधिग्रहण से प्रभावित डाढ़ा, सिरसा, मायचा, ऐच्छर, साकीपुर और जुनपत समेत 48 गांवों के किसान पिछले 7 जून से धरने पर बैठे हुए हैं। दो बार ट्रैक्टर मार्च और कई दौर की वार्ता के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। किसान पुश्तैनी-गैर पुश्तैनी का भेद खत्म करने, जमीन अधिग्रहण के एवज में 10 फीसदी आबादी भूखंड, 64.7 फीसदी अतिरिक्त मुआवजा, लीजबैक और रोजगार आदि मांग कर रहे हैं। किसानों को मनाने के लिए सीईओ रवि कुमार एनजी के निर्देश पर प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान मायचा और डाढ़ा गांव के किसानों के मुद्दे पर प्रमुखता के आधार पर चर्चा की गई। एसीईओ ने सभी नीतिगत समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। आबादी के भूखंड लगाने और लीजबैक को लेकर चल रही कार्रवाई से अवगत कराया। संगठन के जिलाध्यक्ष चौधरी महेंद्र मुखिया ने बताया कि एसीईओ के साथ हुई बैठक सकारात्मक रही। समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है। उनका कहना है कि किसानों ने यह निर्णय लिया है कि जब तक सभी समस्याओं का समाधान नहीं हो जाएगा,तब तक धरना जारी रहेगा। बैठक में दया प्रधान, राजेश सिंह, धर्मेंद्र मलिक, हरनाम वर्मा, मांगेराम त्यागी आदि मौजूद रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img