यीडा ने अप्रैल में 48 करोड़ के विकास कार्य कराए

अमर सैनी

नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के औद्योगिक सेक्टरों में विकास कार्यों की रफ्तार तेज हो गई है। नए वित्तीय वर्ष में यमुना प्राधिकरण ने अप्रैल में ही निर्माण और विकास कार्यों पर 48 करोड़ रुपये खर्च किए। इनमें सबसे ज्यादा औद्योगिक सेक्टरों में खर्च किया गया। एयरपोर्ट शुरू होने से पहले प्राधिकरण सेक्टरों में सीवर, सड़क, बिजली और पार्क आदि की सुविधा विकसित करा रहा है।

यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि प्राधिकरण ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए शहर में होने वाले निर्माण और विकास कार्यों पर दो हजार करोड़ रुपये खर्च करने का खाका तैयार किया है। छह हजार करोड़ रुपये से अधिक में सिर्फ लैंड बैंक तैयार किया जाना है। अप्रैल से शहर में विकास कार्य तेज कर दिए गए हैं। औद्योगिक सेक्टरों में सुविधा विकसित करने पर प्राधिकरण का ज्यादा जोर है। सेक्टर-8, 11, 23डी, 31, 32, 33 समेत विभिन्न सेक्टरों में सुविधाएं विकसित करने पर अप्रैल में 10.8 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। वहीं, तीन हजार से अधिक भूखंडों पर उद्यमियों को औद्योगिक इकाई विकसित करने के आदेश दिए गए हैं, जहां पर निर्माण कार्य शुरू भी हो गए हैं। इसके अलावा आवासीय सेक्टरों में भी बसावट बढ़ाने के लिए एक माह में 8.4 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। कुल मिलाकर अबतक 49 करोड़ रुपये विभिन्न सेक्टरों में निर्माण और विकास कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं। विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए अब हर बुधवार को बजट खर्च को लेकर बैठक भी आयोजित की जाएगी। प्रत्येक वर्क सर्किल में काम की समीक्षा होगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img