Fancy Vehicle Numbers: नोएडा में यूपी16एफजेड सीरीज के आकर्षक नंबरों की नीलामी के लिए पंजीकरण शुरू, 1100 से अधिक नंबर बुक
नोएडा में निजी वाहनों की नई नंबर सीरीज यूपी16एफजेड के आकर्षक और अति आकर्षक नंबरों की नीलामी में शामिल होने के लिए परिवहन विभाग ने पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। वाहन मालिक आधिकारिक वेबसाइट www\.parivahan.gov.in पर जाकर पंजीकरण करा सकते हैं। इस सीरीज में अब तक 1100 से अधिक नंबर बुक हो चुके हैं। पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद आकर्षक नंबरों के लिए बोली लगाई जाएगी और इसके बाद नीलामी के परिणाम घोषित किए जाएंगे।
नीलामी की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूरी होगी। पहले चार दिन तक पंजीकरण कराया जा सकेगा। इसके बाद अगले तीन दिन तक नंबरों के लिए बोली लगेगी। नीलामी के तीसरे दिन शाम छह बजे परिणाम जारी किए जाएंगे। पहली नीलामी पूरी होने के बाद जो आकर्षक और अति आकर्षक नंबर बच जाएंगे, उनके लिए दोबारा पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस तरह वाहन मालिकों को अपनी पसंद का नंबर हासिल करने के लिए एक और अवसर मिलेगा।
नीलामी के बाद बचे हुए नंबरों को वाहन मालिक पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर बुक कर सकेंगे। इसके अलावा सीरीज के सामान्य पसंदीदा नंबर भी सीधे बुक किए जा सकते हैं। इन नंबरों के लिए दोपहिया वाहनों पर एक हजार रुपये और चार पहिया वाहनों पर पांच हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
परिवहन विभाग की नंबर आवंटन व्यवस्था में आकर्षक और अति आकर्षक नंबरों के लिए नीलामी आयोजित की जाती है, जबकि सामान्य पसंदीदा नंबर निर्धारित शुल्क के आधार पर उपलब्ध कराए जाते हैं। प्रत्येक नई सीरीज में सामान्य पसंदीदा नंबरों की बिक्री आकर्षक और अति आकर्षक नंबरों की तुलना में अधिक होती है। ऐसे में वाहन मालिक अपनी पसंद और बजट के अनुसार नंबर चुन सकते हैं।
