Hapur News : हापुड़ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को मिलावटी और खराब खाद्य सामग्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने जिले के दो अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
टीम ने सबसे पहले श्यामपुर रोड के ददायरा में स्थित रविंद्रा डेयरी पर छापा मारा। यहां जांच के दौरान खोया, दूध, पनीर और घी के कुल चार नमूने लिए गए। टीम ने प्रतिष्ठान में पाई गई कमियों पर सुधार नोटिस भी जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है।
इसके बाद टीम स्वर्ग आश्रम रोड स्थित मानसी एंटरप्राइजेज पर पहुंची। जांच में पाया गया कि यहां करीब दो क्विंटल कच्चा चाप बेहद गंदे और अस्वच्छ माहौल में तैयार किया जा रहा था। अधिकारियों ने मौके पर ही करीब 12 हजार रुपये कीमत के इस चाप को नष्ट करा दिया और प्रतिष्ठान को बंद करा दिया।
इस पूरी कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार, विपिन कुमार सिंह, मोहित कुमार और सहरिश सादात मौजूद रहे। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


