Hapur News : हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और गौकशी करने वाले बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पावटी गांव के आम के बाग में छह बदमाश प्रतिबंधित पशु को काटने की तैयारी में जुटे थे। गश्त के दौरान पुलिस टीम वहां पहुंची तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीन बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तीन अन्य साथियों को भी मौके से पकड़ लिया।
पुलिस ने घटनास्थल से एक जीवित प्रतिबंधित पशु, तीन अवैध तमंचे, कारतूस और खोखे, एक होंडा सिटी कार, एक मोटरसाइकिल और पशु काटने के औजार बरामद किए हैं। घायलों की पहचान हापुड़ के नईम, मेरठ के जमील और गाजियाबाद के बिलाल के तौर पर हुई है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पकड़े गए अन्य आरोपियों के नाम मेरठ का मोहम्मद परवेज, गढ़मुक्तेश्वर का सोनू और मसूरी गाजियाबाद का आहत बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पकड़े गए सभी आरोपी शातिर अपराधी हैं। मुख्य आरोपी नईम पर अकेले 11 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि बाकी आरोपियों पर भी विभिन्न जिलों में गौकशी, हत्या के प्रयास, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत करीब तीन दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इनके पूरे आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


