YEIDA UPITS 2026: UPITS-2026 में दिखी यीडा की 25 वर्षों की विकास यात्रा, अपर मुख्य सचिव ने किया स्टाल का अवलोकन
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के एक्सपोमार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण यानी यीडा की ओर से हॉल नंबर-3 में स्टाल लगाया गया है। स्टाल के माध्यम से यीडा की 25 वर्षों की विकास यात्रा के साथ क्षेत्र में चल रही और प्रस्तावित प्रमुख परियोजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की जा रही है। स्टाल पर लगाए गए मॉडल और पोस्टर्स के जरिए क्षेत्र के औद्योगिक विकास, निवेश और भविष्य की योजनाओं की तस्वीर प्रस्तुत की गई है।
यीडा के स्टाल पर प्राधिकरण के प्रथम चरण के 2041 मास्टर प्लान का मॉडल प्रदर्शित किया गया है। इसमें क्षेत्र के विभिन्न सेक्टरों और उनकी कनेक्टिविटी को दर्शाया गया है। इसके साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का मॉडल भी स्टाल पर आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
पोस्टर्स के माध्यम से यीडा क्षेत्र में हुई औद्योगिक प्रगति, पिछले एक वर्ष के दौरान किए गए प्रमुख औद्योगिक आवंटन और क्षेत्र में हुए निवेश से जुड़ी जानकारी भी प्रदर्शित की जा रही है। इसके अलावा इंटरनेशनल फिल्म सिटी, फिनटेक सिटी, अपैरल पार्क, टॉय पार्क, मेडिकल डिवाइसेज पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, लॉजिस्टिक पार्क और हेरिटेज सिटी जैसी प्रमुख परियोजनाओं को भी स्टाल पर दर्शाया गया है।
स्टाल पर जापान सिटी सेक्टर-5ए, कोरियन सिटी सेक्टर-4ए, सिंगापुर सिटी सेक्टर-7 और ताइवान सिटी सेक्टर-6 जैसी प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। इसके अलावा सेक्टर-23डी में प्रस्तावित इंटरनेशनल स्टेडियम, सेक्टर-23सी में आईएसबीटी तथा सेक्टर-13 और 14 में प्रस्तावित मेडिकल हब सहित अन्य योजनाओं को भी पोस्टर्स के जरिए प्रदर्शित किया गया है।
औद्योगिक विकास मंत्री ने किया स्टाल का उद्घाटन
25 सितंबर को उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने यीडा के स्टाल का उद्घाटन किया। उन्होंने स्टाल पर प्रदर्शित विकास मॉडल और विभिन्न परियोजनाओं का अवलोकन किया। इस दौरान यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने उद्योग जगत से जुड़े लोगों से संवाद करते हुए प्राधिकरण की योजनाओं और क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं की जानकारी दी।
सीईओ राकेश कुमार सिंह ने इन्वेस्ट यूपी के इंफ्रास्ट्रक्चर एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कमिश्नर दीपक कुमार का भी स्टाल पर स्वागत किया और उन्हें यीडा क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं तथा प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।
अपर मुख्य सचिव ने किया स्टाल का दौरा
26 सितंबर को उत्तर प्रदेश सरकार के उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष आलोक कुमार ने एक्सपोमार्ट पहुंचकर यीडा के स्टाल का भ्रमण किया। उन्होंने स्टाल पर लगाए गए विभिन्न मॉडल और परियोजनाओं से संबंधित जानकारी का अवलोकन किया।
इस दौरान आईईएमएल के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्टाल पर प्रदर्शित यीडा क्षेत्र की विकास योजनाओं और प्रस्तावित परियोजनाओं से संबंधित जानकारी का अवलोकन किया।
यीडा के स्टाल पर ट्रेड शो के दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी, उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि, मीडिया कर्मी और अन्य आगंतुक पहुंच रहे हैं। स्टाल के माध्यम से यीडा क्षेत्र में औद्योगिक निवेश, बुनियादी ढांचे के विकास और भविष्य की प्रस्तावित परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।


