Hapur News : हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में ट्रांसफार्मर के उपकरण चोरी करने वाले गैंग पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ऐसे गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है जो लंबे समय से ट्रांसफार्मरों को निशाना बना रहे थे। तलाशी के दौरान पुलिस को इनके पास से छह ट्रांसफार्मर की चोरी की कॉपर कॉइल, एक अवैध हथियार, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक जो कि चोरी की निकली और ट्रांसफार्मर खोलने वाले औजार मिले हैं।
पुलिस के अनुसार पिछले काफी दिनों से ग्रामीण इलाकों में ट्रांसफार्मर से कीमती सामान चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर गढ़मुक्तेश्वर सर्किल के सीओ राहुल यादव के नेतृत्व में टीम लगाई गई थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर घेराबंदी कर तीनों को पकड़ा गया। सीओ ने बताया कि यह गिरोह सुनसान स्थानों पर लगे ट्रांसफार्मरों को टारगेट करता था और रात के अंधेरे में कॉइल निकालकर फरार हो जाता था।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान रमन पुत्र विनोद, तुषार पुत्र मैमपाल और राहुल पुत्र सूरज के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्होंने गढ़मुक्तेश्वर के बलवापुर रतनगढ़, खिलवाई और शाहपुर चौधरी के जंगल क्षेत्र के साथ-साथ गौतमबुद्धनगर और मेरठ में भी कई जगह ट्रांसफार्मर चोरी की वारदातें की हैं। चोरी के सामान को बेचकर वह पैसा आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने बताया कि तीनों पर पहले से ही विभिन्न थानों में एक दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ नया मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं।


