Hapur News : हापुड़ में साइबर ठगों ने ड्राईफ्रूट बेचने के नाम पर एयरफोर्स के एक सेवानिवृत्त फ्लाइंग ऑफिसर को अपना शिकार बना लिया। ठगों ने अलग अलग बहाने बनाकर उनसे 84 हजार रुपये से ज्यादा की रकम हड़प ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के कृष्णानगर मोहल्ले का है। यहां रहने वाले नरेंद्र गोस्वामी एयरफोर्स से रिटायर्ड फ्लाइंग ऑफिसर हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 29 जुलाई को यूट्यूब देखते समय उन्हें श्रीराम ड्राईफ्रूट नाम से एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन में कम कीमत पर ड्राईफ्रूट देने का दावा किया गया था। उन्होंने किशमिश, बादाम और काजू एक-एक किलो ऑर्डर किया और ऐप के जरिए 1080 रुपये का भुगतान भी कर दिया।
उन्होंने बताया कि सामान नहीं पहुंचा तो 2 अगस्त को दोबारा विज्ञापन देखकर उन्होंने दिए गए नंबर पर संपर्क किया। इसके बाद ठगों ने डिलीवरी चार्ज, जीएसटी और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर उन्हें झांसे में लेना शुरू कर दिया। पांच बार में कुल 84 हजार 325 रुपये ट्रांसफर करा लिए गए, लेकिन न तो ड्राईफ्रूट भेजा गया और न ही पैसे लौटाए गए। बार-बार टालमटोल करने पर उन्हें ठगी का शक हुआ और उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
इस संबंध में सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।


