राज्यउत्तर प्रदेश

Sawan: सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, जरूरतमंदों में बांटा गया सीलबंद दूध

Sawan: सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, जरूरतमंदों में बांटा गया सीलबंद दूध

नोएडा। सावन के पहले सोमवार पर नोएडा और ग्रेटर नोएडा के शिवालय सुबह तड़के से ही ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठे। भगवान शिव के जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक के लिए हजारों श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचे। इस बार मंदिर समितियों ने दूध की बर्बादी रोकने के लिए एक सराहनीय पहल करते हुए श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए सीलबंद दूध के पैकेट जरूरतमंद लोगों में वितरित किए।

सेक्टर-44 स्थित छलेरा शिव मंदिर, सेक्टर-2 के लाल मंदिर, सेक्टर-19 के सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-14ए के शनि मंदिर सहित शहर के प्रमुख शिवालयों में सुबह से श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और फल अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और देश की खुशहाली की कामना की।

छलेरा शिव मंदिर के मुख्य पुजारी ने बताया कि पहले मंदिर परिसर के नीचे एक गड्ढा बनाया गया था, जिसमें चढ़ाया गया दूध और जल एकत्र होता था। लेकिन दूध और पानी के मिश्रण से दुर्गंध फैलने लगी, जिसके बाद उस व्यवस्था को बंद कर दिया गया। अब सीलबंद दूध के पैकेट जरूरतमंद लोगों को वितरित किए जाते हैं, जिससे दूध की बर्बादी भी नहीं होती और जरूरतमंदों की मदद भी हो जाती है।

ग्रेटर नोएडा के अल्फा-1 शिव मंदिर, बिसरख के प्राचीन रावण मंदिर और बीटा-2 स्थित वैभव लक्ष्मी मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भी सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। कई श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर विशेष पूजा भी की।

वैभव लक्ष्मी मंदिर के पुजारी दिलीप तिवारी ने बताया कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए अत्यंत पवित्र माना जाता है। उन्होंने कहा कि सावन के प्रत्येक सोमवार को श्रद्धा और विधि-विधान से जलाभिषेक करने से भगवान शिव की कृपा प्राप्त होती है और जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है।

Related Articles

Back to top button