Noida Police: आईजीआरएस शिकायत निस्तारण में गौतमबुद्धनगर पुलिस का शानदार प्रदर्शन, 23 थाने प्रदेश में अव्वल

Noida Police: आईजीआरएस शिकायत निस्तारण में गौतमबुद्धनगर पुलिस का शानदार प्रदर्शन, 23 थाने प्रदेश में अव्वल
नोएडा। मुख्यमंत्री कार्यालय की एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में गौतमबुद्धनगर पुलिस ने जुलाई माह में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। शासन की ओर से जारी ताजा रैंकिंग में पुलिस कमिश्नरेट के 27 में से 23 थानों ने प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। हालांकि चार थानों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा, जिनमें सुधार के निर्देश जारी किए गए हैं।
जुलाई माह की रैंकिंग में सेक्टर-20, सेक्टर-24, सेक्टर-39, सेक्टर-49, सेक्टर-58, सेक्टर-63, सेक्टर-113, सेक्टर-142, एक्सप्रेसवे, फेज-1, फेज-2, बिसरख, बादलपुर, सूरजपुर, बीटा-2, नॉलेज पार्क, इकोटेक-1, इकोटेक-3, रबूपुरा, महिला थाना, दादरी और जेवर थानों ने शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण कर शीर्ष स्थान हासिल किया।
वहीं फेज-3, दनकौर, जारचा और सेक्टर-126 थानों की रैंकिंग अपेक्षाकृत कमजोर रही। पुलिस अधिकारियों ने इन थानों के कार्यों की विशेष समीक्षा कर प्रदर्शन में सुधार लाने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आईजीआरएस रैंकिंग केवल शिकायतों के निस्तारण पर आधारित नहीं होती, बल्कि शिकायत के गुणवत्तापूर्ण समाधान, निर्धारित समय सीमा का पालन, शिकायतकर्ता की संतुष्टि और फीडबैक जैसे कई महत्वपूर्ण मानकों को भी इसमें शामिल किया जाता है।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में सभी जोन के डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारी नियमित रूप से आईजीआरएस शिकायतों की निगरानी कर रहे हैं। प्रत्येक लंबित शिकायत की समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि आम लोगों को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिस सेवा मिल सके।
अधिकारियों का कहना है कि गौतमबुद्धनगर पुलिस लगातार कई महीनों से आईजीआरएस रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन कर रही है। आने वाले समय में सभी थानों को प्रथम श्रेणी में लाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा और शिकायत निस्तारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।





