Medical Negligence: डिलीवरी के बाद महिला की मौत, परिजनों ने निजी अस्पताल पर लापरवाही का लगाया आरोप

Medical Negligence: डिलीवरी के बाद महिला की मौत, परिजनों ने निजी अस्पताल पर लापरवाही का लगाया आरोप
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद 28 वर्षीय महिला की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि कई शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
कासना क्षेत्र के कुलीपुरा गांव निवासी जितेंद्र ने बताया कि उनकी भाभी पूजा को 17 जुलाई को प्रसव के लिए बिलासपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिसे समय रहते नियंत्रित नहीं किया गया और इसी कारण उनकी मौत हो गई। हालांकि नवजात शिशु पूरी तरह सुरक्षित है।
परिजनों के अनुसार पूजा अपने चौथे बच्चे को जन्म दे रही थीं। उनके पति विनोद ऑटो चालक हैं और अब चार बच्चों की परवरिश की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई है। इस घटना से परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में आ गया है।
परिवार का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग, सीएम पोर्टल और स्थानीय पुलिस से शिकायत करने के बावजूद अस्पताल के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि अस्पताल का संचालन पहले की तरह जारी है।
परिजनों ने घोषणा की है कि वे गुरुवार सुबह जिलाधिकारी से मिलकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। यदि इसके बाद भी न्याय नहीं मिला तो वे लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री से मिलेंगे और उच्चस्तरीय जांच की मांग करेंगे।
वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने पर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, इस मामले में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है।





