बिहारराज्य

Siwan Murder Case: दो हत्याकांडों के फरार आरोपियों के घर पुलिस की कुर्की-जब्ती, न्यायालय के आदेश पर बड़ी कार्रवाई

Siwan Murder Case: दो हत्याकांडों के फरार आरोपियों के घर पुलिस की कुर्की-जब्ती, न्यायालय के आदेश पर बड़ी कार्रवाई

बिहार के सीवान जिले में हत्या के दो अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय के आदेश पर बरहरिया और दरौंदा थाना क्षेत्रों में आरोपियों के घरों की कुर्की-जब्ती की गई। पुलिस का कहना है कि हत्या जैसे गंभीर मामलों में फरार अभियुक्तों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

पहला मामला बरहरिया थाना क्षेत्र के चर्चित सहजाद अली हत्याकांड से जुड़ा है। इस मामले में फरार नामजद आरोपी अवधकिशोर चौधरी और अमित कुमार चौधरी के घरों पर पुलिस ने न्यायालय के आदेश के बाद कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। अभियान का नेतृत्व बरहरिया थाना अध्यक्ष छोटन कुमार ने किया।

पुलिस के अनुसार, बरहरिया थाना कांड संख्या 230/2026 में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है, जबकि एक आरोपी न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुका है। फरार चल रहे दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।

दूसरा मामला दरौंदा थाना क्षेत्र का है। दरौंदा थाना कांड संख्या 32/2025 में हत्या के मामले में फरार आरोपी राजेश भारती और उनकी पत्नी आशा देवी के घर पर भी कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि दोनों लंबे समय से फरार थे और कई बार छापेमारी के बावजूद उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।

दरौंदा थाना के अपर थानाध्यक्ष मोहन कुमार निराला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दंडाधिकारी और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।

सीवान पुलिस ने कहा है कि हत्या के मामलों में फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। न्यायालय के आदेश के अनुसार कुर्की-जब्ती सहित सभी कानूनी उपाय अपनाए जाएंगे। पुलिस का दावा है कि दोनों मामलों के फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button