राज्यउत्तर प्रदेश

Captain Vijayant Thapar: शहीद कैप्टन विजयंत थापर को अनोखी श्रद्धांजलि, 50 हजार लोगों को पिलाया गया शरबत

Captain Vijayant Thapar: शहीद कैप्टन विजयंत थापर को अनोखी श्रद्धांजलि, 50 हजार लोगों को पिलाया गया शरब

नोएडा। कारगिल युद्ध के अमर वीर शहीद कैप्टन विजयंत थापर की स्मृति में एक्टिव एनजीओ ग्रुप और वाईएसएस फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर “मेगा शरबत वितरण एवं ज़ीरो वेस्ट अभियान” का आयोजन किया गया। दस घंटे से अधिक समय तक चले इस अभियान में 100 से अधिक युवा स्वयंसेवकों ने सेवा कार्य करते हुए 50 हजार से अधिक नागरिकों को निःशुल्क शरबत वितरित किया। इसके साथ ही प्लास्टिक मुक्त भारत, स्टील के बर्तनों के उपयोग, जल संरक्षण, स्वच्छता और ज़ीरो वेस्ट जीवनशैली का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम में शहीद कैप्टन विजयंत थापर के पिता कर्नल वीएन थापर, माता तृप्ता थापर और उनके परिवार के सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके आगमन पर स्वयंसेवकों और नागरिकों ने खड़े होकर तालियों से स्वागत किया। इस दौरान पूरा परिसर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “कैप्टन विजयंत थापर अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।

अपने संबोधन में कर्नल वीएन थापर ने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। वहीं तृप्ता थापर ने सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया।

नवरत्न फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि केवल शब्दों से नहीं, बल्कि सेवा, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के सतत प्रयासों से दी जा सकती है। उन्होंने लोगों से एकल-उपयोग प्लास्टिक का त्याग कर पुनः उपयोग योग्य बर्तनों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल शरबत वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सेवा, राष्ट्रभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का प्रेरणादायी जनआंदोलन बनकर सामने आया।

कार्यक्रम में एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह, चौकी प्रभारी सतनाम सिंह, डॉ. अशोक श्रीवास्तव, एनके अग्रवाल, सत्य नारायण गोयल, डॉ. रंजन तोमर, कर्नल अमिताभ अमित, अनुज अग्रवाल, मनीष गुप्ता, प्रो. राजेश सहाय, विशाल शर्मा, विक्की कुमार, शैल माथुर, गौरव मीत, दीपा मुरलीधरन सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन दुर्गा प्रसाद दुबे, शीतल शर्मा, दिनेश कुमार, प्रशांत यादव और संदीप यादव ने किया, जबकि पूरे अभियान का नेतृत्व वाईएसएस फाउंडेशन के निदेशक सचिन गुप्ता ने किया।

Related Articles

Back to top button