Uttar Pradesh : हापुड़ के जंगल में मिले अज्ञात युवती के शव की हुई पहचान, बहादुरगढ़ की शिवानी निकली मृतका

Hapur : जनपद हापुड़ में थाना हाफिजपुर थाना क्षेत्र के चितौली रोड पर स्थित उबारपुर के जंगल में सोमवार को मिले अज्ञात युवती के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भदस्याना निवासी शिवानी के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।

दरअसल, उबारपुर के जंगल में ग्रामीणों ने शाम करीब 6:30 बजे एक युवती का शव पड़ा देखा था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरविंद चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना स्थल के निरीक्षण के दौरान मृतका के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए, जिससे साफ है कि उसकी हत्या की गई है। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया था।
परिजनों के अनुसार, शिवानी सोमवार सुबह अपने घर से बैंक जाने की बात कहकर निकली थी। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो परिवार वाले उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच पुलिस के जरिए उन्हें शव मिलने की सूचना मिली। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर मृतका की पहचान शिवानी के रूप में की।
थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी ने बताया कि शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने प्रेम प्रसंग सहित कई अन्य बिंदुओं पर अपनी तफ्तीश तेज कर दी है। पुलिस का दावा है कि सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों की मदद से जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।





